*अखंड सौभाग्य और पति की दीर्घायु की कामना को लेकर सुहागिनों ने की वट वृक्ष की पूजा*
रिपोर्ट अनमोल कुमार
मधुबनी जिले भर मे सहर से लेकर गांवों तक वट सावित्री को लेकर सुहागिनों में उत्साह चरम पर देखा गया। सम्पूर्ण जिला क्षेत्रों में सुहागिन महिलाओं ने पारंपरिक श्रद्धा और आस्था के साथ वट वृक्ष की पूजा अर्चना की और पति की लंबी उम्र और सुख-समृद्ध एवं खुशहाल दांपत्य जीवन की कामना को लेकर महिलाओं ने व्रत रखा। सुबह स्नान कर नए वस्त्र धारण किए सोलह श्रृंगार कर पूजा-अर्चना में लीन महिलाओं का श्रध्दा देखते ही बनता था।महिलाओं ने वट वृक्ष की परिक्रमा करते हुए वट वृक्ष के तने में कच्चा धागा (सूत) बांधा और व्रत कथा का श्रवण कर भगवान से अपने पति की कुशलता की प्रार्थना की। पूजा उपरांत सुहागिनों ने अपने पतियों को पंखा झेल कर पैर छूकर आशीर्वाद लिया और व्रत खोलकर प्रसाद का वितरण किया। इस अवसर पर खासतौर पर नवविवाहिताओं में पर्व को लेकर खासा उत्साह देखा गया। जगह जगह वटवृक्ष के नीचे पूजा हेतु सुबह से ही महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी थी। मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर भी पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस मौके पर श्रद्धालु महिलाओं ने व्रत में भाग लिया और इसे सुख-शांति व सौभाग्य के प्रतीक के रूप में मनाया।











