December 14, 2025 10:25 pm

भारतीय ग्रामीण पत्रकार संघ ट्रस्ट

भारतीय ग्रामीण
पत्रकार संघ ट्रस्ट

सीएम बोले—अधिकार तभी सुरक्षित, जब नागरिक कर्तव्यों का पालन करें

हमारा संविधान दुनिया का सबसे बड़ा और अनेकता को एकता में जोड़ने वाला: मुख्यमंत्री योगी
संविधान दिवस पर लोकभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कराया उद्देशिका का सशपथ पाठन
सीएम बोले—अधिकार तभी सुरक्षित, जब नागरिक कर्तव्यों का पालन करें
विकसित उत्तर प्रदेश के लिए मिले 98 लाख से अधिक सुझाव

लखनऊ, 26 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से वर्ष 2015 से प्रत्येक 26 नवंबर को देशभर में संविधान दिवस मनाया जा रहा है। 1946 में हुए चुनाव के बाद गठित संविधान सभा ने 2 वर्ष 11 महीने 18 दिन में भारत का संविधान तैयार किया। इसकी ड्राफ्टिंग कमेटी के अध्यक्ष के रूप में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा संविधान दुनिया का सबसे बड़ा है, जो भारत की विविधता को एकता में पिरोता है। लोकभवन में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में सीएम योगी ने संविधान की उद्देशिका का सशपथ पाठन कराया। इससे पहले अतिथियों ने भारत मां और डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। कार्यक्रम में संविधान पर आधारित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।

कर्तव्य के बिना अधिकार नहीं हो सकता: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वतंत्रता की वास्तविक कीमत अक्सर भुला दी जाती है, क्योंकि वर्तमान पीढ़ी ने आजादी की लड़ाई और उसके त्याग को प्रत्यक्ष नहीं देखा। परिणामस्वरूप लोग केवल अधिकारों की बात करते हैं, जबकि अधिकार तभी सुरक्षित रहते हैं जब कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन किया जाए।
उन्होंने कहा कि जहां कर्तव्यों की अवहेलना होती है, वहां लोकतंत्र नहीं, बल्कि तानाशाही पनपती है।

विकसित भारत के लिए पंचप्रण अपनाने की आवश्यकता

सीएम योगी ने पीएम मोदी के विकसित भारत के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान प्रधानमंत्री ने 2047 तक के भारत का लक्ष्य निर्धारित किया। इसके लिए हर देशवासी को पंचप्रण—गुलामी की मानसिकता से मुक्ति, विरासत पर गर्व, एकता-सामूहिक प्रयास, कर्तव्य-निष्ठा और संकल्प—को अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि सैनिकों, अर्धसैनिक बलों और पुलिस कर्मियों के प्रति सम्मान अनिवार्य है।

एक व्यक्ति की गलती पर पूरे सिस्टम को दोष देना सही नहीं

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति गलती करता है तो उसे सुधार का अवसर मिलना चाहिए। बार-बार गलती होने पर उपयुक्त कार्रवाई आवश्यक है, लेकिन पूरे सिस्टम को दोषी ठहराना गलत है।
उन्होंने सामाजिक विद्वेष फैलाने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि जाति, क्षेत्र या भाषा के आधार पर खाई चौड़ी करने की प्रवृत्ति राष्ट्र को कमजोर करती है।

संविधान का अनादर, बाबा साहेब और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का अपमान

सीएम योगी ने कहा कि संविधान का अपमान करना उन तमाम स्वतंत्रता सेनानियों, बाबा साहेब आंबेडकर और उन गरीबों का भी अपमान है, जिन्हें संविधान द्वारा लोकतांत्रिक अधिकार मिले हैं।
भारत ने शुरुआत से ही बिना भेदभाव के सभी व्यस्क नागरिकों को मतदान का अधिकार दिया—जबकि कई विकसित देशों ने महिलाओं और वंचित तबकों को यह अधिकार बहुत देर से दिया। दलितों व जनजातीय समुदायों को सामाजिक समावेशन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संविधान ने आरक्षण जैसी ऐतिहासिक व्यवस्था दी।

हर घर में होनी चाहिए संविधान की प्रति

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक परिवार में संविधान की प्रति और उसकी प्रस्तावना का वाचन होना चाहिए। उन्होंने बताया कि संविधान की मूल प्रति में भगवान श्रीराम, माता सीता, श्रीकृष्ण द्वारा गीता उपदेश, महात्मा बुद्ध, सम्राट अशोक समेत अनेक महान विभूतियों के चित्र शामिल हैं, जो भारतीय विरासत का गौरव प्रदर्शित करते हैं।

कर्तव्यनिष्ठ व्यक्ति को सम्मानजनक मानदेय मिलना चाहिए
सीएम योगी ने नागरिक कर्तव्यों पर जोर देते हुए कहा कि जो व्यक्ति ईमानदारी से काम कर रहा है, उसे सम्मानजनक मानदेय और जीवन जीने का अधिकार मिलना चाहिए। समाज की समस्याओं को नजरअंदाज करना भविष्य में बड़े संकट का कारण बन सकता है।

विकसित भारत—विकसित उत्तर प्रदेश के लिए 98 लाख से अधिक सुझाव

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश के विजन पर जनभागीदारी को महत्व देते हुए सुझाव आमंत्रित किए थे। पोर्टल के माध्यम से अब तक 98 लाख से अधिक सुझाव प्राप्त हुए हैं, जो इस बात का प्रमाण है कि हर परिवार राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में भागीदार बनना चाहता है। उन्होंने कहा कि अच्छे सुझावों को जिला और राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। आत्मनिर्भर ग्राम पंचायत से लेकर आत्मनिर्भर भारत तक की यात्रा जनभागीदारी से ही संभव है। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक सहित प्रदेश सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें