October 17, 2026 3:43 pm

भारतीय ग्रामीण पत्रकार संघ ट्रस्ट

भारतीय ग्रामीण
पत्रकार संघ ट्रस्ट

विभाजन की त्रासदी को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी: नितिन नबीन

विभाजन की त्रासदी को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी: नितिन नबीन

गुरुग्राम, 14 अगस्त। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने गुरुग्राम में आयोजित ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ कार्यक्रम में 1947 के विभाजन की त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों और विस्थापित परिवारों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि यह दिन शहीदों के बलिदान और विस्थापित परिवारों के दर्द को याद करने के साथ-साथ इतिहास से सीख लेने का अवसर है।

नितिन नबीन ने कहा कि विभाजन के दौरान डेढ़ करोड़ से अधिक परिवार विस्थापित हुए और 30 लाख से अधिक लोगों ने अपनी जान गंवाई। उन्होंने कहा कि विभाजन की त्रासदी को लंबे समय तक इतिहास के काले अध्याय के रूप में दबाने का प्रयास किया गया, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मनाने की पहल से नई पीढ़ी को इस त्रासदी की सच्चाइयों से अवगत कराने का अवसर मिला है।

भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस और नेहरू-गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सत्ता के लिए देश का विभाजन किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने विभाजन का दंश झेलने वाले परिवारों से सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी। उनके मुताबिक, विभाजन के दौरान बड़े पैमाने पर हिंसा और विस्थापन हुआ, जिसके कारण लाखों लोगों को अपना घर, संपत्ति और परिवार छोड़कर अनिश्चित भविष्य की ओर पलायन करना पड़ा।

नबीन ने कहा कि देश का इतिहास समझना और उस पर गर्व करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को विभाजन के अनुभवों से अवगत कराने के साथ भारत के भविष्य के निर्माण के लिए भी प्रेरित किया जाना चाहिए। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा विभाजन के समय किए गए सेवा कार्यों का भी उल्लेख किया।

अनुच्छेद 370 का भी किया जिक्र

भाजपा अध्यक्ष ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे जम्मू-कश्मीर को देश की मुख्यधारा से जोड़ने और भारत की एकता व अखंडता को मजबूत करने का काम हुआ। उन्होंने सरदार पटेल के योगदान को भी याद किया और कहा कि आज देश विरासत के सम्मान के साथ विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

नितिन नबीन ने विपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आचरण को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी ऐसे व्यवहार को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की राजनीति में अभी भी विभाजन की मानसिकता दिखाई देती है। साथ ही उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व स्तर पर सम्मान हासिल कर रहा है और देश की युवा पीढ़ी स्टार्टअप, खेल और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ रही है।

2047 तक विकसित भारत का संकल्प

नबीन ने कहा कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए युवाओं को सुरक्षित और समृद्ध भविष्य देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी रोजगार पाने के साथ-साथ रोजगार देने की दिशा में भी आगे बढ़ रही है। उन्होंने युवाओं से विभाजन के इतिहास को समझने और देश के भविष्य के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में नबीन ने हरियाणा में विकास और युवाओं के लिए किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवाओं और बेटियों के लिए अवसर बढ़े हैं तथा हरियाणा के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। कार्यक्रम में भाजपा की राष्ट्रीय संसदीय बोर्ड सदस्य सुधा यादव, राष्ट्रीय मंत्री ओम प्रकाश धनखड़, विभाजन विभीषिका स्मृति न्यास के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश जुनेजा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें