October 17, 2026 3:35 pm

भारतीय ग्रामीण पत्रकार संघ ट्रस्ट

भारतीय ग्रामीण
पत्रकार संघ ट्रस्ट

आखिरी ओवर में पलटा मैच, पुरानी दिल्ली 6 ने नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स को 4 विकेट से हराया

आखिरी ओवर में पलटा मैच, पुरानी दिल्ली 6 ने नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स को 4 विकेट से हराया

*अनिल कुमार गुप्ता दिल्ली*

नई दिल्ली, 14 अगस्त: दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 में पुरानी दिल्ली 6 ने रोमांचक मुकाबले में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स को आखिरी ओवर में चार विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। 187 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पुरानी दिल्ली 6 की टीम एक समय 53 रन पर चार विकेट गंवा चुकी थी, लेकिन ललित यादव और अश्विनी चिल्लर की 105 रन की साझेदारी ने मैच का रुख पलट दिया।

 

अश्विनी चिल्लर ने 36 गेंदों पर 45 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। उन्होंने बताया कि टीम की रणनीति मैच को आखिरी तक ले जाने और विकेट बचाए रखने की थी। चिल्लर ने कहा कि उनका लक्ष्य था कि निचले क्रम के बल्लेबाजों को भी 10-15 रन बनाने का मौका मिले और टीम जीत तक पहुंच सके।

 

चिल्लर ने बताया कि टीम के डगआउट में शुरुआत से ही यह सोच रही है कि जब भी किसी खिलाड़ी को नई बल्लेबाजी स्थिति में मौका मिले, वह जिम्मेदारी उठाकर टीम को जीत दिलाने की कोशिश करे। उन्होंने हालांकि अपनी पारी को लेकर निराशा भी जताई कि वह अर्धशतक पूरा नहीं कर सके और विजयी रन नहीं बना पाए।

 

इससे पहले नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 186/6 रन बनाए। कप्तान सार्थक रंजन ने 37 गेंदों पर 59 रन और यश भाटिया ने 41 गेंदों पर 59 रन की शानदार पारियां खेलीं। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी की। यश डबास ने अंत में 22 गेंदों पर 36 रन की तेज पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुरानी दिल्ली 6 की शुरुआत खराब रही और टीम 53 रन पर चार विकेट गंवा बैठी। इसके बाद ललित यादव और अश्विनी चिल्लर ने मोर्चा संभाला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 105 रन जोड़कर टीम को मुकाबले में वापस ला दिया। ललित यादव ने 41 गेंदों पर 64 रन बनाए।

 

चिल्लर के आखिरी ओवर में आउट होने के बाद पुरानी दिल्ली 6 को जीत के लिए सात रन चाहिए थे। ऐसे में पंकज जसवाल ने जिम्मेदारी संभाली और ओवर की पहली दो गेंदों पर लगातार दो छक्के लगाकर टीम को यादगार चार विकेट की जीत दिला दी।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें