ईस्ट दिल्ली राइडर्स का ऑलराउंड प्रदर्शन, न्यू दिल्ली टाइगर्स को 36 रन से हराय
*अनिल कुमार गुप्ता दिल्ली*
नई दिल्ली, 17 अगस्त: दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 में ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए न्यू दिल्ली टाइगर्स को 36 रन से हरा दिया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 192/7 रन बनाए, जिसके जवाब में न्यू दिल्ली टाइगर्स की पूरी टीम 156 रन पर सिमट गई।
ईस्ट दिल्ली राइडर्स की पारी की शुरुआत तेज रही। वंश मेहरा और अर्पित राणा ने पहले विकेट के लिए महज 5.4 ओवर में 62 रन जोड़कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। मेहरा ने 21 गेंदों पर 35 रन बनाए, जबकि राणा ने 22 गेंदों में 33 रन की पारी खेली।
सलामी बल्लेबाजों के आउट होने के बाद मयंक रावत और सूर्यांश रैना ने पारी को संभाला और टाइगर्स के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। रावत ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंदों पर 40 रन बनाए, जिसमें चार छक्के शामिल रहे। वहीं सूर्यांश रैना ने 21 गेंदों पर 33 रन का योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत राइडर्स ने 192 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
न्यू दिल्ली टाइगर्स की ओर से ऋषभ शर्मा सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 34 रन देकर तीन विकेट हासिल किए, जबकि लक्ष्मण ने दो विकेट झटके।
193 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यू दिल्ली टाइगर्स ने सकारात्मक शुरुआत की, लेकिन इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गंवाने लगी। 10.2 ओवर में टीम का स्कोर 94/4 हो गया। इसके बाद कप्तान हिम्मत सिंह और लक्ष्य थरेजा ने पारी को संभालने का प्रयास किया और पांचवें विकेट के लिए 48 रन जोड़े।
हालांकि मयंक रावत ने इस साझेदारी को तोड़ते हुए हिम्मत सिंह को 20 गेंदों पर 31 रन के स्कोर पर आउट कर दिया। इसके बाद टाइगर्स की पारी लड़खड़ा गई और पूरी टीम 156 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने मुकाबला 36 रन से अपने नाम कर लिया।
राइडर्स की ओर से आशीष मीणा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 32 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि मयंक यादव ने तीन ओवर में महज 9 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी में दमदार प्रदर्शन किया और उसके बाद अनुशासित गेंदबाजी के दम पर मुकाबले पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए रखा। अरुण जेटली स्टेडियम में मिली यह जीत टीम के लिए DPL 2026 अभियान में अहम साबित हुई।












