झाबुआ माणक लाल जैन
*जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
*
*कलेक्टर डॉ. भरसट ने सुनीं समस्याएं, 77 आवेदन प्राप्त*
*आवेदनों की जांच कर पात्रतानुसार गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश*
झाबुआ, 18 अगस्त 2026 जिला मुख्यालय पर मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं, शिकायतें एवं मांगें सुनीं। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 77 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता से परीक्षण कर नियमानुसार गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने कहा कि जनसुनवाई में आने वाले नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान की अपेक्षा लेकर आते हैं, इसलिए प्रत्येक आवेदन पर जिम्मेदारी के साथ कार्रवाई की जाए। पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ अनावश्यक विलंब के बिना उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा आवेदकों को प्रकरण में की गई कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश भी दिए।
*जीर्ण-शीर्ण शाला भवन के स्थान पर नवीन भवन की मांग*
जनसुनवाई में प्राथमिक शाला नाका फलिया भूतेड़ी के पुराने शाला भवन के जीर्ण-शीर्ण होने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया। आवेदन में बताया गया कि वर्तमान में शाला परिसर में कक्षा संचालन के लिए केवल एक उपयोगी कक्ष उपलब्ध होने से छात्र-छात्राओं के बैठने के लिए पर्याप्त स्थान नहीं है। विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए प्राथमिक शाला नाका फलिया भूतेड़ी में नवीन शाला भवन स्वीकृत किए जाने की मांग की गई।
*आंगनवाड़ी भवन के लिए भूमि देने वाले परिवार ने रोजगार के लिए दिया आवेदन*
ग्राम बैंगनबर्डी निवासी श्री हिरालाल पिता रूपा भूरिया ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उनके द्वारा परिवार के सदस्य को रोजगार दिए जाने की बात पर आंगनवाड़ी भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराई गई थी। उन्होंने संबंधित पद पर अन्य व्यक्ति की नियुक्ति किए जाने की बात बताते हुए भूमि दाता परिवार की महिला को नियुक्ति प्रदान किए जाने तथा प्रकरण में उचित मार्गदर्शन एवं सहयोग की मांग की।
*बावड़ी बड़ी को पक्की सड़क से जोड़ने की मांग*
ग्राम बावड़ी बड़ी, तहसील झाबुआ निवासी श्री रमेश बबेरिया ने ग्राम पंचायत बावड़ी बड़ी को मुख्य पक्की सड़क से जोड़ने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि ग्राम बावड़ी बड़ी के गड़वाड़ा फलिया से पक्की सड़क तक वर्तमान में कच्चा रास्ता है, जिस पर वर्षाकाल में आवागमन प्रभावित होता है। इससे स्कूली बच्चों, किसानों तथा आपात स्थिति में एंबुलेंस के आवागमन में परेशानी होती है। उन्होंने बताया कि उक्त मार्ग का आसपास के अन्य गांवों के नागरिक भी उपयोग करते हैं। आवेदक ने सड़क निर्माण की स्वीकृति प्रदान किए जाने की मांग की।
*आंगनवाड़ी सहायिका नियुक्ति के दस्तावेजों की जांच के निर्देश*
ग्राम हीरा निनामा पाड़ा निवासी ममता भाभर ने आंगनवाड़ी सहायिका पद की नियुक्ति के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत जामली के ग्राम हीरा निनामा पाड़ा में सहायिका पद पर नियुक्त अभ्यर्थी द्वारा इस्तीफा दिए जाने के बाद दूसरे क्रम पर प्रदर्शित अभ्यर्थी नियुक्ति स्थल की निवासी नहीं है। उन्होंने दस्तावेजों की जांच कर पात्र अभ्यर्थी की नियुक्ति किए जाने की मांग की। कलेक्टर डॉ. भरसट ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को प्रकरण की जांच करने के निर्देश दिए।
*लंबित मानदेय के भुगतान के निर्देश*
ग्राम टिकड़ी मोती फलिया, किड़िया फलिया निवासी रशमिला पिता श्री जयसिंह बिलवाल ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि वे 10 अक्टूबर 2025 से आंगनवाड़ी सहायिका के पद पर कार्यरत हैं, लेकिन अभी तक मानदेय प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने लंबित संपूर्ण मानदेय के भुगतान की मांग की। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को प्रकरण का परीक्षण कर मानदेय के भुगतान के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने सभी विभागीय अधिकारियों को जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों को प्राथमिकता से लेते हुए नियमित रूप से उनकी प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवेदनों का केवल औपचारिक निराकरण न किया जाए, बल्कि प्रकरण की वास्तविक स्थिति का परीक्षण करते हुए नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जाए और पात्र आवेदकों को शीघ्र राहत प्रदान की जाए।
जनसुनवाई के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर श्री सी.एस. सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।












