द्वारका में अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद, आरोपी गिरफ्तार
17 पेटियों में 846 क्वार्टर अवैध शराब बरामद, तस्करी में इस्तेमाल Hyundai i-10 कार जब्त
नई दिल्ली, 19 अगस्त 2026। द्वारका जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 17 पेटियों में रखे 846 क्वार्टर अवैध शराब बरामद किए हैं। शराब की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही Hyundai i-10 कार को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 45 वर्षीय रघुबीर पुत्र बाबू लाल, निवासी कुतुब विहार, गोयला डेयरी, दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपी पहले भी दिल्ली आबकारी अधिनियम से जुड़े तीन मामलों में शामिल रहा है।
द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह, IPS के निर्देश पर अवैध शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसीपी ऑपरेशंस सेल द्वारका सुभाष मलिक की निगरानी और इंस्पेक्टर कमलेश कुमार, प्रभारी स्पेशल स्टाफ के नेतृत्व में टीम लगातार ऐसे अपराधियों पर नजर रख रही थी।
12 अगस्त को स्पेशल स्टाफ की टीम को अवैध शराब की सप्लाई के संबंध में गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर टीम ने छावला थाना क्षेत्र के कुतुब विहार इलाके में छापेमारी की। जवाला छठ पूजा घाट के पास हाई टेंशन, डी-ब्लॉक कुतुब विहार फेज-1, गोयला डेयरी-नजफगढ़ क्षेत्र में पुलिस ने एक ग्रे रंग की Hyundai i-10 कार को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार से 17 पेटियां, जिनमें कुल 846 क्वार्टर अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक शराब केवल हरियाणा में बिक्री के लिए थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शराब गुरुग्राम, हरियाणा से लेकर आया था और कुतुब विहार व छावला इलाके में इसकी सप्लाई करने जा रहा था।
इस मामले में FIR संख्या 288/2026, दिनांक 12 अगस्त 2026, धारा 33/38/58(d)/52(2) दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत थाना छावला में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अब जब्त शराब के सप्लायर का पता लगाने और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए आगे की जांच कर रही है।












