झाबुआ माणक लाल जैन
*मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत रामा विकासखंड में 21 अगस्त को जन-विश्वास शिविर*
*सामुदायिक भवन छापरी, कालीदेवी में होगा आयोजन*
*आमजन की समस्याओं एवं लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर रहेगा विशेष जोर*
झाबुआ, 19 अगस्त 2026 मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत शुक्रवार, 21 अगस्त 2026 को रामा विकासखंड में भ्रमण एवं जन-विश्वास शिविर आयोजित किया जाएगा। जन-विश्वास शिविर का आयोजन सामुदायिक भवन छापरी, कालीदेवी में किया जाएगा। शिविर में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के साथ सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों के निराकरण पर विशेष जोर रहेगा।
अभियान के दौरान लोक सेवा गारंटी, राजस्व संबंधी नामांतरण, सीमांकन एवं बंटवारा, फार्मर आईडी, आयुष्मान कार्ड, समग्र आईडी ई-केवाईसी सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं से जुड़े प्रकरणों की समीक्षा कर यथासंभव मौके पर निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
इसके साथ ही विभिन्न शासकीय संस्थाओं एवं योजनाओं की मैदानी स्थिति का निरीक्षण किया जाएगा। जनसंवाद एवं उद्यम संवाद के माध्यम से नागरिकों, हितग्राहियों एवं उद्यमियों से चर्चा कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि शिविर में आने वाले नागरिकों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें












