झाबुआ माणक लाल जैन
*मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान अंतर्गत कलेक्टर ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर रोटला का किया निरीक्षण*
*हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की नियमित मॉनिटरिंग एवं स्वास्थ्य अभिलेख व्यवस्थित रखने के दिए निर्देश*
झाबुआ, 21 अगस्त 2026 मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर रोटला का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं अभिलेखों का जायजा लिया। उन्होंने एएनसी रजिस्ट्रेशन रजिस्टर का अवलोकन करते हुए गर्भवती महिलाओं के पंजीयन, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता, काउंसलिंग, हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की स्थिति एवं टीकाकरण की जानकारी ली।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं को निर्धारित आयरन सहित आवश्यक टेबलेट उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उनकी नियमित काउंसलिंग कर उन्हें चिकित्सकीय सलाह के अनुसार आवश्यक रूप से टेबलेट लेने के लिए प्रेरित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि एएनसी रजिस्टर में कुल 25 गर्भवती महिलाएं पंजीकृत हैं। इसके अतिरिक्त गुजरात गई 6 महिलाओं के आवश्यक दस्तावेज मंगवाकर उनका भी पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
केंद्र पर 4 हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की जानकारी दी गई। साथ ही एक महिला का हीमोग्लोबिन लेवल 7 होने पर उसे आयरन सुक्रोज दिए जाने तथा 6 हीमोग्लोबिन वाली गर्भवती महिला के ब्लड ट्रांसफ्यूजन के संबंध में जानकारी दी गई। कलेक्टर ने ऐसे प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करने और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने टीकाकरण व्यवस्था की भी समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर को 12 स्वास्थ्य सेवाओं के लिए NQAS प्रमाणन प्राप्त है।
अभिलेखों के निरीक्षण में ओपीडी रजिस्टर अप्रैल माह के बाद से व्यवस्थित रूप से संधारित नहीं पाया गया। इस पर कलेक्टर ने ओपीडी सहित सभी आवश्यक रजिस्टर एवं स्वास्थ्य अभिलेख नियमित रूप से अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ सुश्री अवनधती प्रधान, तहसीलदार रामा सुश्री अंकिता भिड़े एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।












