DPL 2026 महिला चरण: ईस्ट दिल्ली राइडर्स की शानदार जीत, क्वींस को 19 रन से दी मात
नई दिल्ली, 23 अगस्त: दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 के महिला चरण में ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए सेंट्रल दिल्ली क्वींस को 19 रन से हरा दिया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 174/2 रन बनाए, जिसके जवाब में क्वींस की टीम 20 ओवर में 155/7 रन ही बना सकी।
ईस्ट दिल्ली राइडर्स की ओर से प्रज्ञा रावत ने 55 गेंदों पर नाबाद 70 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें आठ चौके शामिल रहे। वहीं, सिमरन बहादुर ने महज 36 गेंदों पर नाबाद 60 रन बनाकर पारी को तेज गति दी। उनकी पारी में सात चौके और एक छक्का शामिल रहा। वंशिका लीला ने भी 22 गेंदों पर 30 रन की उपयोगी पारी खेली।
175 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल दिल्ली क्वींस ने अच्छी शुरुआत की और एक समय 120 रन का आंकड़ा पार कर लिया था। हालांकि, इसके बाद ईस्ट दिल्ली राइडर्स के गेंदबाजों ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया।
क्वींस की ओर से दीक्षा शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 51 गेंदों पर 86 रन बनाए। उन्होंने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए टीम की जीत की उम्मीदें बनाए रखीं, लेकिन दूसरे छोर से नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के कारण टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।
मोनिका ने 11 गेंदों पर 14 रन बनाए, जबकि निधि माहतो और मेधावी बिधूड़ी ने छह-छह रन बनाए। रिया कोंडल दो रन बनाकर आउट हुईं। सोनी यादव एक रन और आर. प्रियदर्शिनी बिना खाता खोले नाबाद रहीं।
ईस्ट दिल्ली राइडर्स की गेंदबाजी में पूर्वा सिवाच सबसे सफल रहीं। उन्होंने चार ओवर में 24 रन देकर चार विकेट झटके। भारती रावल ने दो विकेट लिए, जबकि सिमरन बहादुर ने बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में भी एक विकेट हासिल किया।
अंतिम ओवरों में राइडर्स ने बेहतरीन संयम दिखाया और क्वींस के बल्लेबाजों को जरूरी बाउंड्री लगाने का मौका नहीं दिया। इस तरह ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने मुकाबला 19 रन से अपने नाम कर लिया।












