October 17, 2026 9:18 am

भारतीय ग्रामीण पत्रकार संघ ट्रस्ट

भारतीय ग्रामीण
पत्रकार संघ ट्रस्ट

नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स महिला टीम की शानदार जीत, सेंट्रल दिल्ली क्वींस को 6 विकेट से हराकर DPL 2026 के फाइनल में पहुंची

नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स महिला टीम की शानदार जीत, सेंट्रल दिल्ली क्वींस को 6 विकेट से हराकर DPL 2026 के फाइनल में पहुंची

नई दिल्ली, 30 अगस्त। दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 के महिला वर्ग में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेंट्रल दिल्ली क्वींस महिला टीम को छह विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। अरुण जेटली स्टेडियम में रविवार को खेले गए मुकाबले में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने 123 रन के लक्ष्य को 18.4 ओवर में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए अर्चना ने धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाए। उनकी पारी में चार चौके शामिल रहे। उन्हें समायरा राघव का बेहतरीन साथ मिला, जिन्होंने 19 गेंदों पर नाबाद 20 रन बनाकर टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचाया।

नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की शुरुआत तेज रही। शिवी शर्मा ने नौ गेंदों पर 8 रन बनाए, जिसमें दो चौके शामिल थे, लेकिन तीसरे ओवर में सुमिति सोनी की गेंद पर आउट हो गईं। कप्तान आयुषी सोनी ने 25 गेंदों पर 22 रन बनाए और तीन चौके लगाए। उन्हें भी सुमिति सोनी की गेंद पर आर. प्रियदर्शिनी ने स्टंप आउट किया।

नाजमा ने 10 गेंदों पर 14 रन बनाए, जबकि विकेटकीपर-बल्लेबाज रिया शोकीन तीन रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद अर्चना और समायरा ने मोर्चा संभाला और कोई और विकेट नहीं गिरने दिया।

इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी सेंट्रल दिल्ली क्वींस की टीम ने 20 ओवर में सात विकेट पर 122 रन बनाए। निधि महतो ने 47 गेंदों पर 49 रन की संयमित पारी खेली, जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल था। वहीं अरुशी गोयल ने 46 गेंदों पर 43 रन बनाए और पांच चौके लगाए। दोनों ने मिलकर टीम की पारी को संभाला, जबकि शुरुआती झटके में दीक्षा शर्मा महज दो रन बनाकर आउट हो गई थीं।

अंतिम ओवरों में मोनिका ने 12 गेंदों पर नाबाद 19 रन बनाकर टीम के स्कोर को 122 रन तक पहुंचाया, लेकिन यह स्कोर नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के सामने पर्याप्त साबित नहीं हुआ।

गेंदबाजी में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की ओर से नाजमा सबसे सफल रहीं। उन्होंने चार ओवर में 18 रन देकर तीन विकेट झटके। अपेक्षा आनंद ने दो विकेट हासिल किए। वहीं सेंट्रल दिल्ली क्वींस की ओर से सुमिति सोनी ने 2/28 का प्रदर्शन किया, लेकिन उनकी टीम को जीत नहीं दिला सकीं।

नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने 6 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर DPL 2026 महिला वर्ग के फाइनल में जगह पक्की कर ली।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें