October 17, 2026 7:13 am

भारतीय ग्रामीण पत्रकार संघ ट्रस्ट

भारतीय ग्रामीण
पत्रकार संघ ट्रस्ट

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने संदला में संस्थाओं का किया निरीक्षण

झाबुआ माणक लाल जैन

 

*मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने संदला में संस्थाओं का किया निरीक्षण*

 

*स्वास्थ्य सेवाओं, आंगनवाड़ी केंद्र एवं विद्यालय की व्यवस्थाओं का लिया जायजा*

 

झाबुआ, 18 सितम्बर 2026 मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत इंदौर संभागायुक्त श्री भास्कर लक्षकार एवं कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने ग्राम संदला में विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

 

*उप स्वास्थ्य केंद्र संदला में स्वास्थ्य सेवाओं की ली जानकारी*

संभागायुक्त श्री लक्षकार एवं कलेक्टर डॉ. भरसट ने उप स्वास्थ्य केंद्र संदला का निरीक्षण कर ओपीडी, एएनसी जांच, मरीजों के रेफरल सहित उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि केंद्र पर आज 15 मरीज ओपीडी में आए। केंद्र पर एक सीएचओ एवं दो एएनएम पदस्थ हैं। उन्होंने लक्षण वाले मरीजों को निर्धारित एसओपी के अनुसार आवश्यकतानुसार उच्च स्वास्थ्य संस्था में रेफर किए जाने की प्रक्रिया की भी जानकारी ली।

 

निरीक्षण के दौरान आउटसोर्स के माध्यम से नियुक्त दो ग्रुप-डी कर्मचारियों के विगत दो माह से उपस्थित नहीं होने की जानकारी मिलने पर संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करते हुए उनके स्थान पर अन्य कर्मचारियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही गर्भवती महिलाओं की नियमित एएनसी जांच तथा आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

 

*आंगनवाड़ी केंद्र संदला में पोषण आहार वितरण का किया अवलोकन*

इसके पश्चात संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्र संदला का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार वितरण एवं संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान बच्चों को नाश्ते में दी जा रही थुल्ली तथा हितग्राहियों को वितरित किए जाने वाले टेक होम राशन (टीएचआर) का अवलोकन किया। उन्होंने निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण पोषण आहार का नियमित वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

*एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों से किया संवाद*

संभागायुक्त श्री लक्षकार एवं कलेक्टर डॉ. भरसट ने एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय संदला का निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कक्षा 6वीं एवं 7वीं के विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई के संबंध में जानकारी ली तथा हिंदी विषय से संबंधित प्रश्न पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर को परखा।

 

विद्यालय में प्रकाश व्यवस्था का जायजा लेते हुए आवश्यक लाइट लगवाने तथा खराब फर्नीचर की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्यार्थियों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने और शैक्षणिक गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

 

*मध्याह्न भोजन की व्यवस्था का किया निरीक्षण*

निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री लक्षकार एवं कलेक्टर डॉ. भरसट ने विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए तैयार किए जा रहे मध्याह्न भोजन की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन तैयार किए जाने की प्रक्रिया, रसोई की साफ-सफाई एवं भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया तथा निर्धारित मेन्यू एवं मापदंडों के अनुरूप विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

 

इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ श्री महेश मंडलोई एवं अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें