**नई दिल्ली।** विश्व हिंदू महासंघ के तत्वावधान में दिल्ली के श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर स्थित केदारनाथ साहनी ऑडिटोरियम में हिंदू जन जागरण सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्व हिंदू महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कालिका पीठाधीश्वर महंत श्री सुरेंद्रनाथ अवधूत जी ने की। सभा में मुख्य वक्ता के रूप में सर्वोच्च न्यायालय के अधिवक्ता अश्विनी उपाध्याय तथा विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार शामिल हुए।
सभा में हिंदू समाज की एकजुटता, धार्मिक पहचान, सांस्कृतिक विरासत और हिंदू हितों से जुड़े विषयों पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
महंत श्री सुरेंद्रनाथ अवधूत जी ने अपने संबोधन में समाज से जातिगत भेदभाव और आपसी विभाजन से ऊपर उठकर एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज की मजबूती के लिए आपसी समरसता और संगठन की भावना आवश्यक है।
मुख्य वक्ता अश्विनी उपाध्याय ने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम अपनी पहचान और अपने पूर्वजों के पुरुषार्थ को समझें। अपने धर्म को पहचानें और उसके बताए मार्ग पर चलें। उन्होंने कहा कि विकसित भारत से भी अधिक जरूरी सुरक्षित भारत है।
वहीं, आलोक कुमार ने अपने संबोधन में अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के बाद मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण के भव्य मंदिर निर्माण का विषय उठाया। उन्होंने कहा कि न्यायालय में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कानूनी लड़ाई लड़ी जाएगी और उन्हें विश्वास है कि भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से मथुरा में भी भव्य कृष्ण मंदिर का निर्माण होगा।
कार्यक्रम में राष्ट्रवादी कवि अमित शर्मा और प्रभात परवाना ने अपनी ओजस्वी एवं वीर रस की कविताओं का पाठ किया। उनके ऊर्जावान कविता पाठ ने सभागार में उपस्थित लोगों में उत्साह का संचार किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में अधिवक्ता नीरज गर्ग, लेफ्टिनेंट जनरल अरविंद यादव, डॉ. जुगविंदर विरक एवं श्री रमेश जुनेजा उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विश्व हिंदू महासंघ के कार्यकारी अध्यक्ष योगी तेजपाल सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हरित अग्रवाल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष सचिन वशिष्ठ, प्रभास चंद, संगठन मंत्री विक्रम गोस्वामी, सीए राजेश अग्रवाल, सीए मुकेश गुप्ता, सीए निशांत शंकर, सुशील कौशिक, वसंत गुप्ता, नीरज सैनी, सुनील शर्मा, सुरेश दक्ष, रंभा सिंह, कुलदीप सैनी, कुलदीप शर्मा, राघव शर्मा, शैलेंद्र राघव, अर्जुन शर्मा, अनिल राय एवं आधार त्यागी सहित महासंघ के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सभा में वक्ताओं ने हिंदू समाज को संगठित करने, अपनी सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत के प्रति जागरूक रहने तथा सामाजिक एकता को मजबूत बनाने का आह्वान किया।











