दिल्ली के न्यू उस्मानपुर में 24 घंटे में दो हत्याएं, इलाके में दहशत
अनिल कुमार गुप्ता दिल्ली
नई दिल्ली: उत्तर–पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर दो अलग–अलग हत्या की घटनाओं ने इलाके में सनसनी फैला दी है। एक ओर 17 वर्षीय किशोर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, वहीं दूसरी ओर 26 वर्षीय युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी जान ले ली गई। लगातार हुई इन वारदातों से स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।
सोमवार देर रात गामड़ी, पांचवां पुस्ता निवासी 17 वर्षीय किशोर पर कुछ हमलावरों ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल किशोर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
इसी क्षेत्र में 26 वर्षीय युवक पर भी धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस दोनों घटनाओं के बीच किसी संभावित संबंध की भी जांच कर रही है।
वारदातों के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल और थाने के बाहर जुट गए। लोगों ने क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों मामलों में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।
पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों हत्याकांडों का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है।












