कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट की अध्यक्षता में आबकारी विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित मदिरा एवं भांग दुकानों की स्थिति तथा विभाग द्वारा की गई प्रवर्तन कार्यवाहियों की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि जिले में 33 मदिरा, 4 भांग एवं 4 भांगघोटा दुकानें संचालित हैं। अप्रैल माह में विभाग द्वारा 5 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 11,030 बल्क लीटर शराब तथा 2 वाहनों को जप्त किया गया। कलेक्टर ने लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर जप्त सामग्री के नष्टीकरण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध, अनब्रांडेड एवं निर्धारित मूल्य (एमआरपी) से संबंधित अनियमितताओं पर भी सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।












