मुख्य संवाददाता
पटियाला, 29 जून।पंजाबी संस्कृति, भाषा और परंपराओं को समर्पित मंच ‘सुनखी पंजाबन सीज़न 8’ के पंजाब ऑडिशन का आयोजन पटियाला स्थित अपना वेहड़ा स्कूल ऑफ लर्निंग आर्ट्स फाउंडेशन में किया गया। कार्यक्रम में 60 से अधिक प्रतिभाशाली युवतियों ने भाग लेकर अपनी कला, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक पहचान का प्रदर्शन किया।
ऑडिशन के दौरान प्रतिभागियों ने गिद्धा, भांगड़ा, गायन, अभिनय और रचनात्मक परिचय के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाई। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य केवल सौंदर्य प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी भाषा, संस्कृति और मूल्यों से जोड़ना भी है।
वर्ष 2019 में शुरू हुआ ‘सुनखी पंजाबन’ अब एक सांस्कृतिक अभियान का रूप ले चुका है, जो युवा महिलाओं को अपनी पहचान और पंजाबी विरासत पर गर्व करने के लिए प्रेरित कर रहा है।
कार्यक्रम में डॉ. संदीप कौर सिद्धू, ब्रार मालवा, ब्रार प्रिंस, रोज़ी बावा, अरश मांगट, रितु कौर और अमनदीप कौर धीर ने निर्णायक की भूमिका निभाई। उन्होंने प्रतिभागियों की प्रस्तुति, व्यक्तित्व और सांस्कृतिक समझ का मूल्यांकन किया।
पटियाला ऑडिशन से चयनित प्रतिभागी अब ‘सुनखी पंजाबन सीज़न 8’ के आगामी चरणों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी और प्रतिष्ठित खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी।












