झाबुआ माणक लाल जैन
*ग्राम पटेल शासन-प्रशासन और ग्रामीणों के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी हैं : कलेक्ट
*
*कृषि उपज मंडी झाबुआ में ग्राम पटेलों की बैठक आयोजित, शांति व्यवस्था, साइबर सुरक्षा एवं नशा मुक्ति पर किया गया संवाद*
झाबुआ, 25 जुलाई 2026 कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट एवं पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार की अध्यक्षता में शनिवार को कृषि उपज मंडी, झाबुआ में जिले के ग्राम पटेलों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, कानून-व्यवस्था, साइबर अपराधों की रोकथाम, गोवंश संरक्षण तथा नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कहा कि ग्राम पटेल शासन-प्रशासन और ग्रामीणों के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभाते हैं। उनका दायित्व केवल शासन की योजनाओं और सूचनाओं को गांव तक पहुंचाना ही नहीं, बल्कि ग्रामीणों की समस्याओं और सुझावों को प्रशासन तक पहुंचाना भी है। उन्होंने कहा कि ग्राम पटेल की व्यवस्था सैकड़ों वर्षों से चली आ रही एक ऐतिहासिक व्यवस्था है, जिसने विभिन्न कालखंडों में प्रशासन और समाज के बीच विश्वास बनाए रखा है।
कलेक्टर ने कहा कि पूर्व में संचार और परिवहन के साधनों के अभाव में पटेल एवं तड़वी प्रशासन तक सूचनाएं पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते थे। आज तकनीक और संचार के साधनों ने व्यवस्थाओं को सरल बनाया है, लेकिन ग्राम स्तर पर पटेल की भूमिका आज भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि जिले के समग्र विकास के लिए सबसे पहले शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना आवश्यक है। यदि कहीं गोवंश से संबंधित अवैध गतिविधियां अथवा कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली कोई घटना सामने आती है, तो उसकी तत्काल सूचना प्रशासन एवं पुलिस को देना प्रत्येक जिम्मेदार नागरिक तथा ग्राम पटेल का कर्तव्य है।
पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार ने कहा कि ग्राम पटेल गांव, सामान्य प्रशासन और पुलिस प्रशासन के बीच सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे गांव की सामाजिक परिस्थितियों, लोगों की पृष्ठभूमि, स्थानीय परंपराओं एवं सामाजिक गतिविधियों से भली-भांति परिचित होते हैं। उन्होंने वर्षों से बिना किसी मानदेय के निस्वार्थ भाव से ग्राम हित एवं प्रशासनिक सहयोग में योगदान देने वाले सभी ग्राम पटेलों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ अपना आधार नंबर, ओटीपी, बैंक खाता अथवा अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा न करें, क्योंकि इससे साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने की संभावना रहती है। उन्होंने ग्रामीणों को नौकरी दिलाने, पैसा दोगुना करने अथवा अन्य प्रलोभनों के नाम पर होने वाली ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही गांवों में नशे का अवैध कारोबार करने वालों अथवा नशीले पदार्थों के उपयोग की जानकारी तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
पटेल संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री राजेश पटेल ने कहा कि ग्राम पटेल राजस्व व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण अंग हैं तथा शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि गांवों में गोवंश के अवैध परिवहन अथवा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को देना ग्राम पटेलों का दायित्व है। उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय सहयोग करने का भी आह्वान किया।
बैठक के समापन पर उपस्थित सभी ग्राम पटेलों एवं अधिकारियों को “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया गया।
इस दौरान विभिन्न ग्रामों के पटेल सम्मिलित हुए।












