October 17, 2026 8:58 pm

भारतीय ग्रामीण पत्रकार संघ ट्रस्ट

भारतीय ग्रामीण
पत्रकार संघ ट्रस्ट

आम आदमी पार्टी ने मच्छर जनित डेंगू, मलेरिया एवं चिकनगुनिया जैसी गंभीर बीमारियों की रोकथाम पर चर्चा बाधित की : महापौर श्री प्रवेश वाही

 

 

*आम आदमी पार्टी ने मच्छर जनित डेंगू, मलेरिया एवं चिकनगुनिया जैसी गंभीर बीमारियों की रोकथाम पर चर्चा बाधित की : महापौर श्री प्रवेश वाही*

*आम आदमी पार्टी को केवल अराजकता फैलाकर सदन की कार्यवाही बाधित करना और जनहित के मुद्दों से भागना आता है : महापौर श्री प्रवेश वाही*

 

*कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत अवैध कच्चे एवं पक्के मीट की दुकानों पर कार्रवाई के लिए आयुक्त को दिए निर्देश*

 

दिल्ली के महापौर श्री प्रवेश वाही ने आज दिल्ली नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक के उपरांत आम आदमी पार्टी के पार्षदों के रवैये की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि सदन में दिल्लीवासियों के स्वास्थ्य से जुड़े अत्यंत महत्वपूर्ण विषय—मच्छर जनित डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया एवं जल जनित बीमारियों की रोकथाम—पर विस्तृत चर्चा निर्धारित थी, किंतु आम आदमी पार्टी के पार्षदों ने हंगामा कर इस महत्वपूर्ण चर्चा को बाधित कर दिया।

 

महापौर श्री प्रवेश वाही ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब दिल्लीवासियों के स्वास्थ्य और जनहित से जुड़े गंभीर विषयों पर सदन में सार्थक चर्चा होनी चाहिए थी, तब आम आदमी पार्टी ने राजनीतिक हंगामा कर कार्यवाही को अवरुद्ध करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी बार-बार ऐसे मुद्दों को लेकर सदन में व्यवधान उत्पन्न करती है जिनका दिल्ली नगर निगम के कार्यक्षेत्र से कोई संबंध नहीं होता, जबकि नागरिकों से जुड़े वास्तविक विषयों पर चर्चा से बचती है।

 

महापौर ने कहा कि आम आदमी पार्टी को मच्छर जनित एवं जल जनित बीमारियों की रोकथाम जैसे संवेदनशील विषय पर सकारात्मक सुझाव देने चाहिए थे, जिससे दिल्लीवासियों को और अधिक लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि दिल्ली नगर निगम द्वारा किए जा रहे व्यापक जनस्वास्थ्य अभियानों एवं रोकथाम संबंधी उपायों के परिणामस्वरूप इस वर्ष पिछले वर्षों की तुलना में डेंगू के मामलों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी नहीं चाहती थी कि सदन में इस विषय पर रचनात्मक चर्चा हो तथा भविष्य में इन बीमारियों की रोकथाम के लिए और अधिक प्रभावी रणनीति बनाई जाए।

 

महापौर श्री प्रवेश वाही ने कहा कि आम आदमी पार्टी के पार्षद अक्सर जनहित से जुड़े विषयों पर सकारात्मक चर्चा से बचते हैं तथा सदन की कार्यवाही के दौरान अनावश्यक व्यवधान उत्पन्न करते हैं। इसके बावजूद दिल्ली नगर निगम ने नागरिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श जारी रखा तथा अनेक जनहितकारी प्रस्तावों को पारित किया।

 

उन्होंने जानकारी दी कि सामान्य सभा की बैठक में जनकपुरी क्षेत्र में लंबे समय से बंद पड़े दो कूड़े के ढलावों को हटाने तथा छोटी सब्ज़ी मंडी, जनकपुरी में उपयोग में नहीं आ रहे एक सार्वजनिक शौचालय को हटाने संबंधी प्रस्ताव पारित किया गया। इन निर्णयों से स्थानीय नागरिकों को अनावश्यक असुविधा से राहत मिलेगी तथा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था अधिक सुचारु एवं व्यवस्थित होगी।

 

महापौर श्री प्रवेश वाही ने पवित्र कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत दिल्ली नगर निगम के आयुक्त को पत्र लिखकर निर्देश दिए हैं कि कांवड़ मार्गों एवं कांवड़ शिविरों के आसपास संचालित सभी अवैध कच्चे एवं पक्के मीट की दुकानों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए उनकी यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुगम रूप से संपन्न हो सके।

 

महापौर श्री प्रवेश वाही ने यह भी जानकारी दी कि आज माननीय मुख्यमंत्री सुश्री रेखा गुप्ता की उपस्थिति में दिल्ली नगर निगम एवं इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के मध्य प्रतिदिन 800 मीट्रिक टन नए ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक निस्तारण हेतु एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल दिल्ली को कूड़ा मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सिद्ध होगी तथा राजधानी में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को और अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बनाएगी।

 

महापौर श्री प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली नगर निगम की भाजपा सरकार देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन एवं दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री सुश्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में राजधानी के प्रत्येक नागरिक को बेहतर नागरिक सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, स्वस्थ एवं विकसित दिल्ली के निर्माण के लिए विकास कार्य निरंतर गति से आगे बढ़ते रहेंगे तथा किसी भी प्रकार के राजनीतिक व्यवधान को जनहित के कार्यों में बाधा नहीं बनने दिया जाएगा।

 

महापौर श्री प्रवेश वाही ने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे डेंगू, मलेरिया एवं चिकनगुनिया जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए अपने घरों एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखें, जलभराव न होने दें तथा नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे जनस्वास्थ्य अभियानों में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें