झाबुआ माणक लाल जैन
*मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने दिए आवश्यक निर्देश*
*7 अगस्त को पेटलावद में होगा प्रथम भ्रमण एवं जन-विश्वास शिविर का आयोजन*
*कलेक्टर ने समयावधि पत्रों एवं अंतर्विभागीय बैठक की समीक्षा की*
झाबुआ, 03 अगस्त 2026 मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट की अध्यक्षता में आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा एवं अंतर्विभागीय बैठक में अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में अभियान के सफल संचालन के लिए सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 आगामी 7 अगस्त 2026 से प्रारंभ होकर 8 जनवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इसी क्रम में अभियान के प्रथम दिवस 7 अगस्त को पेटलावद विकासखंड में क्षेत्रीय भ्रमण एवं जन-विश्वास शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई के लंबित प्रकरणों का निराकरण, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रकरण, राजस्व संबंधी नामांतरण, सीमांकन एवं बंटवारा, किसानों की फार्मर आईडी, आयुष्मान कार्ड, समग्र आईडी ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य संस्थान, स्कूल एवं कॉलेज, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, शासकीय परिसंपत्तियों, शासकीय एवं निजी संस्थानों का निरीक्षण, कानून व्यवस्था की समीक्षा तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभार्थियों की स्थिति का परीक्षण प्रमुख रूप से शामिल रहेगा।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि भ्रमण क्षेत्र से संबंधित सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा कर अधिकतम प्रकरणों का निराकरण भ्रमण से पूर्व सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शेष प्रकरणों का निराकरण शिविर स्थल पर प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि जिले में वर्तमान में लंबित 2,914 शिकायतों का अभियान के तहत प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि 7 अगस्त को पेटलावद में आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के प्रथम भ्रमण एवं शिविर से पूर्व संबंधित विभाग समन्वित प्रयास करते हुए अधिकतम शिकायतों का निराकरण करें। विशेष रूप से पेटलावद विकासखंड में लंबित 1,034 सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करने तथा अभियान के दौरान शत-प्रतिशत समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान क्षेत्रीय भ्रमण, जनसंवाद, उद्यम संवाद, शासकीय संस्थाओं के निरीक्षण तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी। सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों के अनुरूप आवश्यक तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करें तथा शिविरों में आवश्यक अधिकारी, अभिलेख एवं सेवाएं उपलब्ध रखें।
कलेक्टर ने अभियान के दौरान सादगी, मितव्ययिता एवं पर्यावरण संरक्षण के सिद्धांतों का पालन करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं किया जाए, सार्वजनिक अधोसंरचनाओं का उपयोग किया जाए तथा अनावश्यक व्यय से बचते हुए सभी कार्यक्रम व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से आयोजित किए जाएं।
बैठक में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने समयावधि पत्रों एवं विभिन्न विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने नामांतरण प्रकरणों की 64.24 प्रतिशत, बंटवारा प्रकरणों की 52 प्रतिशत तथा सीमांकन प्रकरणों की 98.14 प्रतिशत प्रगति पर समीक्षा करते हुए सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही 1,697 लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में अमल करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। कलेक्टर ने फार्मर रजिस्ट्री की 49.14 प्रतिशत प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए इसे अभियान मोड में संचालित कर शीघ्र शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्रसिंह चौहान, अपर कलेक्टर श्री सी.एस. सोलंकी, सहायक कलेक्टर सुश्री आयुषी बंसल, एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे












