DPL 2026: गेंदबाजों के दम पर वेस्ट दिल्ली लायंस की शानदार जीत, साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज को 5 विकेट से हराया
नई दिल्ली, 5 अगस्त। दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 में वेस्ट दिल्ली लायंस ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज को पांच विकेट से हरा दिया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में लायंस के गेंदबाजों ने पहले सुपरस्टार्ज को 160 रन पर समेटा और फिर बल्लेबाजों ने लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा कर जीत दर्ज की।
साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज की पारी शुरुआत से ही लड़खड़ाती नजर आई। लायंस के गेंदबाजों ने लगातार अंतराल पर विकेट हासिल किए और विपक्षी बल्लेबाजों को बड़ी साझेदारी बनाने का मौका नहीं दिया। सुपरस्टार्ज की टीम 19.5 ओवर में 160 रन पर ऑलआउट हो गई।
सुपरस्टार्ज की ओर से विजन पंचाल ने आखिर में तेजतर्रार पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। उन्होंने महज 12 गेंदों में 24 रन बनाकर पारी को गति दी।
वेस्ट दिल्ली लायंस की ओर से मयंक गुसाईं गेंदबाजी में सबसे सफल रहे। उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 13 रन देकर तीन विकेट चटकाए। कुलवंत खेजरोलिया ने चार ओवर में 31 रन देकर दो विकेट लिए, जबकि नितीश राणा को एक सफलता मिली।
161 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्ट दिल्ली लायंस की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और पावरप्ले के भीतर टीम 26 रन पर दो विकेट गंवा बैठी। इसके बाद नितीश राणा और कृष यादव ने मोर्चा संभाला और तीसरे विकेट के लिए 58 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर पारी को स्थिर किया।
राणा ने कप्तानी पारी खेलते हुए 25 गेंदों पर 32 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद लायंस ने कुछ और विकेट गंवाए, लेकिन टीम लक्ष्य से नियंत्रण नहीं खोया।
इसके बाद आयुष दोसैजा ने दबाव में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों पर 44 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। दूसरी ओर मयंक गुसाईं ने गेंद के बाद बल्ले से भी कमाल दिखाया। उन्होंने सिर्फ 10 गेंदों में नाबाद 19 रन बनाकर टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचाया।
मयंक गुसाईं ने अंत तक क्रीज पर टिककर वेस्ट दिल्ली लायंस को लक्ष्य तक पहुंचाया और टीम ने पांच विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। गुसाईं का प्रदर्शन इस मुकाबले में लायंस की जीत का अहम आधार रहा।












