October 17, 2026 6:00 pm

भारतीय ग्रामीण पत्रकार संघ ट्रस्ट

भारतीय ग्रामीण
पत्रकार संघ ट्रस्ट

नशे के विरुद्ध जन-जन तक अभियान पहुंचाने के लिए सभी विभाग प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें – कलेक्टर

झाबुआ माणक लाल जैन

 

*नशे के विरुद्ध जन-जन तक अभियान पहुंचाने के लिए सभी विभाग प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें – कलेक्टर*

 

झाबुआ, 05 अगस्त 2026 कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष झाबुआ में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय नशामुक्ति अभियान समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित नशामुक्ति गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

बैठक में कलेक्टर डॉ. भरसट ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता अभियान को जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए समन्वित एवं परिणामोन्मुख कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि नशामुक्ति केवल एक शासकीय कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से संचालित सामाजिक अभियान है। प्रत्येक विभाग अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करते हुए विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता गतिविधियां संचालित करे तथा युवाओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करे।

 

कलेक्टर ने नशामुक्ति केन्द्र की स्थापना के लिए पात्र संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित करने, युवा आइकॉन एवं ब्रांड एम्बेसडर तैयार करने, नशा छोड़ चुके व्यक्तियों को सम्मानित करने, विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर नशामुक्ति विषयक प्रतियोगिताओं का आयोजन करने, एनसीसी एवं एनएसएस स्वयंसेवकों को अभियान से जोड़ने तथा अवैध मादक पदार्थों एवं अवैध शराब के विरुद्ध सघन एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने गायत्री परिवार, ब्रह्मकुमारीज, धर्मगुरुओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से ग्राम-ग्राम में नशामुक्ति जन-जागरूकता अभियान संचालित करने पर भी विशेष जोर दिया।

 

बैठक में उपसंचालक, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण श्री पंकज सांवले ने नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिले में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत करते हुए समिति को आगामी कार्ययोजना से अवगत कराया।

 

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्रसिंह चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अक्षयसिंह मरकाम सहित जिला स्तरीय नशामुक्ति अभियान समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें