शाहदरा साइबर पुलिस ने स्टॉक ट्रेडिंग निवेश ठगी का किया पर्दाफाश, ओडिशा से आरोपी गिरफ्तार
*अनिल कुमार गुप्ता दिल्ली*
शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा देकर 4.75 लाख की ठगी, ओडिशा से साइबर ठग गिरफ्तार
नई दिल्ली, 10 अगस्त। शाहदरा साइबर पुलिस ने शेयर बाजार और आईपीओ में निवेश के नाम पर ठगी करने वाले साइबर नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए ओडिशा के भुवनेश्वर से 33 वर्षीय आरोपी सुब्रत कुमार साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिए पीड़ित को शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर भारी मुनाफे का झांसा दिया था। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित से कुल 4.75 लाख रुपये की ठगी की गई।
जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से करीब 3.75 लाख रुपये आरोपी से जुड़े सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के खाते में पहुंचे थे। यह खाता ‘Fusion Enterprises’ नाम से संचालित कॉरपोरेट अकाउंट था। पुलिस के अनुसार, इस खाते में महज दो महीने के भीतर करीब 2.97 करोड़ रुपये जमा हुए। जांच में यह बैंक खाता देशभर में दर्ज 17 साइबर ठगी की शिकायतों से जुड़ा मिला है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी और उसके सहयोगी कई बैंक खातों को कथित तौर पर साइबर ठगी की रकम को इधर-उधर करने के लिए इस्तेमाल करते थे। आरोपी के मोबाइल की जांच में बैंक खातों और लेन-देन को लेकर सह-आरोपियों के साथ चैट भी मिली है। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी करीब सात कॉरपोरेट और सेविंग बैंक खाते खुलवाने या उपलब्ध कराने में शामिल था।












