झाबुआ माणक लाल जैन
झाबुआ, 08 मई 2025 राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के आदेशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झाबुआ के तत्वाधान में 10 मई 2025 को आयोजित होने वाली वर्ष की द्वितीय नेशनल लोक अदालत के लिए प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष श्रीमती विधि सक्सेना द्वारा 08 मई 2025 को प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर न्यायालय परिसर झाबुआ से रवाना किया गया।
इस अवसर पर प्रधान जिला न्यायाधीश श्रीमती विधि सक्सेना ने कहा कि हम सभी लोक अदालत के उद्देश्य और महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के इस सार्थक प्रयास का शुभारंभ कर रहे हैं। यह प्रचार वाहन, जिसे आज न्यायालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जा रहा है, शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों को लोक अदालत की उपयोगिता और इसकी प्रक्रिया के बारे में जागरूक करेगा। लोक अदालत एक ऐसा मंच है जहां पक्षकार आपसी सहमति से शीघ्र, सुलभ और कम खर्च में न्याय प्राप्त कर सकते हैं। यह न केवल समय की बचत करता है, बल्कि समाज में सौहार्द और मेल-मिलाप की भावना को भी बढ़ावा देता है। इसमें ऐसे मामलों का निराकरण होता है जो लंबे समय से लंबित हैं या जिनका समाधान संवाद और सहमति से संभव है। उन्होंने कहा कि बैंक, नगर पालिका और विद्युत विभाग जैसे संस्थानों के माध्यम से इस प्रचार अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान किया जा रहा है, जिसके लिए मैं सभी संबंधित विभागों को धन्यवाद देती हूं। मेरा आप सभी नागरिकों से आग्रह है कि लोक अदालत के इस अवसर का लाभ उठाएं और अपने विवादों का समाधान शांतिपूर्ण तरीके से करें। हम सभी का प्रयास न्याय को जनसुलभ बनाना है और लोक अदालत इस दिशा में एक सशक्त माध्यम है।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झाबुआ के सचिव श्री डावर ने कहा कि यह प्रचार वाहन शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और अन्य जनसमुदायों में जाकर लोगों को लोक अदालत की प्रक्रिया से अवगत कराएंगे। साथ ही उन्हें आगामी लोक अदालत में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।श्री डावर ने कहा कि लोक अदालत में अपने मामलों को सुलह-समझौते एवं राजीनामा के आधार पर निराकरण कर उन्हें कोर्ट फीस वापिस के साथ-साथ एक छायादार/फलदार पौधा न्याय वृक्ष के रूप में भेंट स्वरूप दिया जायेगा। इस प्रचार वाहन के माध्यम से राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जारी पेम्पलेट का भी वितरण किया जायेगा।
इस अवसर पर लोक अदालत के प्रभारी अधिकारी/विशेष न्यायाधीश विवेक सिंह रघुवंशी, प्रथम जिला न्यायाधीश राजेन्द्र कुमार शर्मा, द्वितीय जिला न्यायाधीश सुभाष सुनहरे, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नितिन कुमार मुजाल्दा, न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती सरोज बाला मुजाल्दा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव शिव कुमार डावर, न्यायिक मजिस्ट्रेट बलराम मीणा, जिला विधिक सहायता अधिकारी जयदेव माणिक, अभिभाषक संघ झाबुआ के अध्यक्ष दीपक भण्डारी, अधिवक्तागण, कर्मचारीगण एवं आमजन उपस्थित रहें











