नई दिल्ली | 30 जनवरी 2026
उत्तर-पश्चिम जिला दिल्ली पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना अशोक विहार क्षेत्र से एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 71 कार्टन में 3,550 क्वार्टर अवैध शराब और सप्लाई में इस्तेमाल की जा रही हुंडई वर्ना कार बरामद की है।
यह कार्रवाई चौकी डब्ल्यूपीआईए, थाना अशोक विहार की गश्ती टीम द्वारा की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रविंदर पुत्र राम कुमार, निवासी थाना सदर, जिला सोनीपत (हरियाणा), उम्र 23 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पहली बार अपराध में संलिप्त पाया गया है।
गश्त के दौरान पकड़ा गया तस्कर
दिनांक 25 जनवरी 2026 को देर रात करीब 02:30 बजे, चौकी डब्ल्यूपीआईए की पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक हुंडई वर्ना कार (DL-3CBR-7120) संदिग्ध अवस्था में आती दिखाई दी। वाहन को रोककर तलाशी लेने पर उसमें से “FOR SALE IN HARYANA ONLY” अंकित 71 कार्टन अवैध शराब बरामद हुई।
पूछताछ के दौरान आरोपी कोई वैध परमिट या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।
आसान पैसे के लालच में शुरू की तस्करी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह आसान पैसे कमाने के लालच में अवैध शराब की तस्करी कर रहा था। उसने बताया कि वह “सब्बे” नामक व्यक्ति के निर्देश पर काम करता था, जो फोन के जरिए डिलीवरी के स्थान बताता था। शराब और वाहन उसे सोनीपत (हरियाणा) से दिल्ली में सप्लाई के लिए दिए गए थे।
मामला दर्ज, जांच जारी
इस संबंध में थाना अशोक विहार में FIR संख्या 36/26, धारा 33/38/58 दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी के अन्य मामलों में संभावित संलिप्तता और नेटवर्क की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।












