अमन विहार में बनेगी दो मंजिला एमसीडी डिस्पेंसरी
मुख्य संवाददाता
नई दिल्ली, 12 अप्रैल: किराड़ी विधानसभा क्षेत्र के अमन विहार वार्ड-41 के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। यहां पहली बार दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की आधुनिक दो मंजिला डिस्पेंसरी बनने जा रही है। इस परियोजना को रविंद्र भारद्वाज के प्रयासों के बाद मंजूरी मिली है।
पार्षद के अनुसार, वार्ड-41 की करीब डेढ़ लाख आबादी को अब तक नजदीक में स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध नहीं थी, जिससे लोगों को दूर जाना पड़ता था। लंबे समय से इस मांग को उठाया जा रहा था।
डिस्पेंसरी के निर्माण के लिए 833 वर्ग मीटर भूमि दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) से प्राप्त कर एमसीडी को हस्तांतरित कराई गई। इसके बाद निर्माण को स्वीकृति मिली और अब परियोजना शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।
यह दो मंजिला डिस्पेंसरी आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी, जिससे खासतौर पर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को लाभ मिलेगा। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत किया है और जल्द निर्माण शुरू होने की उम्मीद जताई है।
पार्षद ने कहा कि उनका लक्ष्य क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना है और आगे भी जनहित में काम जारी रहेगा।












