मेयर ने कांच की बोतलें देकर होमगार्ड जवानों का किया सम्मान
सत्यम नागपाल,
गौरव कर्तव्य सम्मान समारोह में दिया सिंगल यूज प्लास्टिक छोड़ने का संदेश
यमुनानगर। शहर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम और सामाजिक संगठनों द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार को हेल्पिंग हैंड्स ग्रुप द्वारा नगर निगम के तीनों कार्यालयों में तैनात होमगार्ड जवानों के सम्मान में मेयर कार्यालय में गौरव कर्तव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मेयर सुमन बहमनी व अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार ने होमगार्ड जवानों को उनके अनुशासन, सेवा भावना और कर्तव्यनिष्ठा के लिए पानी पीने के लिए कांच की बोतलें भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को लेकर लोगों को जागरूक करने का संदेश भी दिया।
मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि आज सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। ऐसे में केवल सरकार या संस्थाओं के प्रयास पर्याप्त नहीं, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार कर कपड़े व जूट के थैलों का उपयोग अपनाना समय की मांग है। इसे रोकने के लिए हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। छोटी-छोटी आदतों में बदलाव कर हम बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं। प्लास्टिक बोतलों और अन्य डिस्पोजेबल वस्तुओं की जगह रियूज वस्तुओं का इस्तेमाल करें। अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार ने कहा कि नगर निगम द्वारा लगातार सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। बाजारों में निरीक्षण कर कार्रवाई भी की जा रही है, लेकिन जनभागीदारी के बिना यह अभियान सफल नहीं हो सकता। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लास्टिक में लिपटे गुलदस्तों के उपयोग से बचने की का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने होमगार्ड के जवानों की कार्यप्रणाली के बारे में बताते हुए उन्हें सिंगल यूज प्लास्टिक की रोकथाम में अहम भूमिका निभाने का आह्वान किया। हेल्पिंग हैंड्स ग्रुप संस्था के अध्यक्ष डॉ. नरिंदर सिंह साही व डॉ. विभा गुप्ता ने निगम कर्मियों और होमगार्ड जवानों से अपील की कि वे स्वयं भी प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाएं और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। यदि सभी पर्यावरण संरक्षण का संकल्प ले तो बड़ा बदलाव संभव है। मंच संचालन नगर निगम मीडिया सेल इंचार्ज मुक्ता ने किया। कार्यक्रम के दौरान सभी होमगार्ड जवानों और निगम कर्मचारियों ने सिंगल यूज प्लास्टिक का त्याग कर पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देने का संकल्प लिया। मौके पर डा. विभा गुप्ता, भूतपूर्व सीनियर डिप्टी मेयर पवन बिट्टू, उमा शर्मा, पूनम ठाकुर आदि मौजूद रहें।












