
मिट्टी में रोग दूर करने की अपूर्व शक्ति है-केके अरोड़ा
मिट्टी मालिश से शरीर को रोगमुक्त किया जाता है- मनमोहन वोहरा
गाजियाबाद,रविवार,17 मई, 2026 को गंगा घाट,छोटा हरिद्वार मुरादनगर में अखिल भारतीय ध्यान योग संस्थान द्वारा योगिक मिट्टी मालिश एवं गंगा स्नान का आयोजन हर्षोल्लास से संपन्न हुआ, जिसमें संस्थान के 400 से अधिक साधक एवं साधिकाओं ने भाग लिया।
योग सत्र का शुभारंभ संस्थान के महामंत्री दयानन्द शर्मा ने ओम की ध्वनि और गायत्री मंत्र से किया।उन्होंने वीरेचन क्रिया,सुदर्शन भस्रिका आदि प्राणायाम और योगासन का अभ्यास कराया।साथ ही मिट्टी मालिश के नियमों की जानकारी दी।
संस्थान के उपाध्यक्ष मनमोहन वोहरा ने (मड बाथ) मिट्टी मालिश स्नान क्यों करा रहे हैं? पर विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि हमारा शरीर पंच तत्वों से पृथ्वी,अग्नि, जल,वायु और आकाश से बना है।हमारे शरीर में 70% से 72% जल,14% पृथ्वी तत्व,(मांस पेशियां हड्डी रक्त),4% वायु, 4% अग्नि,शेष आकाश है।पृथ्वी पंचतत्वों में पांचवा और अन्तिम तत्व है।पृथ्वी तत्व अन्य चार तत्वों का रस है।हमारा शरीर भी इन्ही पंचतत्वों से बना है।अप्राकृतिक आहार विहार और विचार से शरीर में इन पंचतत्वों का असंतुलन हो जाता है जिसके फलस्वरूप हम रोगी हो जाते हैं।मिट्टी मालिश के माध्यम से शरीर को रोगमुक्त किया जाताहै।शरीर की बहुत सारी पीड़ाएं तो मिट्टी मालिश के प्रयोग कुछ ही क्षणों बाद शांत हो जाती हैं।
संस्थान के अध्यक्ष केके अरोड़ा ने बताया कि योगिक मिट्टी तैयार करने के लिए शरीर को निरंतर पोषित करने वाली मिट्टी में मुलतानी मिट्टी,एलावेरा,नीम, गिलोय,अश्वगंधा,चंदन का चूरा एवं हल्दी आदि डालकर एक दिन पूर्व तैयार किया जाता है।इसके प्रयोग से हमारी त्वचा में एक विशेष चमक आ जाती है।मिट्टी में रोग दूर करने की अपूर्व शक्ति है क्योंकि मिट्टी में जगत की समस्त वस्तुओं का एक साथ रासायनिक सम्मिश्रण है। जबकि किसी एक दवा या कई दवाओं के मिक्सचर में उतना रासायनिक सम्मिश्रण सम्भव नही हो सकता।उन्होंने भारत माता की जय वन्दे मातरमएवं आंधी हो तूफान हो चेहरे पर मुस्कान हो के गगन भेदी नारे लगवाए।
इसके बाद कार्यकर्ताओं द्वारा सभी साधकों को मिट्टी वितरित की गई।सभी साधकों ने अपने शरीर पर मिट्टी का लेप लगाया और आधा घंटे सूखने के बाद सभी ने गंगा घाट पर गंगा स्नान किया।महिलाओं और पुरुषों के नहाने की व्यवस्था अलग-अलग थी।
इस योगिक मिट्टी को तैयार करने में इस कार्यक्रम के संयोजक असील कुमार,अध्यक्ष कृष्ण कुमार अरोड़ा, कोषाध्यक्ष अशोक शास्त्री,महामंत्री दयानन्द शर्मा एवं चिरंजीव विहार कक्षा की मुख्य शिक्षिका मीता खन्ना की टीम का विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर मुख्य रूप से संस्थान के संरक्षक लक्ष्मण कुमार गुप्ता,डॉ आर के पोद्दार,डॉ प्रदीप त्यागी,राम प्रकाश गुप्ता,त्रिलोक शास्त्री,सीमा गोयल,वीना वोहरा, हरिओम सिंह,डा प्रमोद सक्सेना, सुभाष शर्मा,मंगल सिंह तथा हमारी सभी कक्षाओं के मुख्य शिक्षकों ने अपनी पूरी टीम के साथ भाग लिया।












