*वाराणसी, 27 मई:*
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (बाबतपुर) पर आज उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब करीब दो दर्जन सफाई कर्मियों ने एयरपोर्ट परिसर में अचानक विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। पिछले 15 से 20 वर्षों से लगातार सेवाएं दे रहे इन कर्मचारियों को अचानक नौकरी से मुक्त कर दिया गया है, जिससे नाराज होकर उन्होंने एयरपोर्ट प्रबंधन और संबंधित एजेंसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें बिना किसी पूर्व सूचना के सिर्फ इसलिए हटा दिया गया क्योंकि उनकी उम्र 45 वर्ष से अधिक हो चुकी है। आंदोलनकारी सफाई कर्मियों ने भावुक होते हुए कहा, हम अपनी जिंदगी के सुनहरे 15-20 साल इस एयरपोर्ट की सेवा में दे चुके हैं। अब इस उम्र में हम कहाँ जाएंगे? हमारे सामने परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है।इसके साथ ही कुछ कर्मचारियों ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें नौकरी पर वापस रखने के बदले में 30 से 35 हजार रुपये की अवैध मांग की जा रही है।इस पूरे मामले पर सफाई व्यवस्था का जिम्मा संभाल रही आउटसोर्सिंग एजेंसी (अरुण एविएशन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड) के मैनेजर का पक्ष भी सामने आया है। प्रबंधन के अनुसार, पुराना टेंडर खत्म होने के बाद अब नए टेंडर के नियमों और शर्तों के तहत कार्य किया जा रहा है। नए दिशा-निर्देशों के मुताबिक, 45 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों को काम पर रखने की अनुमति नहीं है।मामले को शांत कराने के लिए एजेंसी ने कर्मचारियों के सामने एक प्रस्ताव रखा है। प्रबंधन का कहना है कि यदि हटाए गए किसी कर्मचारी के परिवार में 18 से 45 वर्ष की आयु का कोई अन्य सदस्य (जैसे बेटा या बेटी) है, तो उसे उसकी जगह पर नौकरी दी जा सकती है।हालांकि, प्रदर्शनकारी कर्मचारी इस प्रस्ताव से संतुष्ट नहीं हैं और इसे अपने साथ अन्याय बता रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था चौकस है और सफाई कर्मियों का विरोध प्रदर्शन जारी है। कर्मचारी मांग कर रहे हैं कि उनकी सेवा वरिष्ठता को देखते हुए उन्हें तुरंत बहाल किया जाए।












