जून 17, नई दिल्ली: दिल्ली में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र योजना बोर्ड यानी एनसीआरपीबी की मंगलावर को 42वीं अहम बैठक हुई, जिसमें रीजनल प्लान 2041 के तहत नमो भारत कॉरिडोर पर 4 नए नमो शहर बसाने का बड़ा निर्णय लिया गया।
केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में एनसीआर का मौजूदा भौगोलिक दायरा नहीं बदलने का फैसला लिया। बैठक में फैसला लिया गया कि नमो भारत शहरों के विकास के लिए 5000 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
बैठक में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समेत उत्तर प्रदेश और राजस्थान के मंत्री भी शामिल हुए। बैठक में एनसीआर में हरियाली बढ़ाने और प्रदूषण कम करने पर खास जोर दिया गया है। वाहनों से होने वाले प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए परिवर्तन नाम की नई योजना का ऐलान किया गया।
इस योजना के तहत पुराने ट्रकों और बसों को बीएस-6, सीएनजी या इलेक्ट्रिक वाहनों से बदलने पर जोर दिया जाएगा। जरूरी प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद रीजनल प्लान 2041 को जल्द ही अधिसूचित कर दिया जाएगा।












