October 17, 2026 11:45 pm

भारतीय ग्रामीण पत्रकार संघ ट्रस्ट

भारतीय ग्रामीण
पत्रकार संघ ट्रस्ट

खाद्य एवं सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित

 

आयुष्मान कार्ड एवं बाहर जाने वाले परिवारों का अलग रजिस्टर तैयार करने के निर्देश

‘वन नेशन वन राशन कार्ड’ योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर

झाबुआ, 16 जुलाई 2026। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्टर सभा कक्ष में खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग तथा जिले की सभी सहकारी संस्थाओं के प्रबंधकों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के प्रभावी संचालन, शासकीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, हितग्राहियों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने तथा विभागीय कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। इस अवसर पर कलेक्टर ने विभिन्न योजनाओं के जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

बैठक के दौरान कलेक्टर डॉ. भरसट ने खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग तथा सभी सहकारी संस्थाओं के प्रबंधकों द्वारा आपसी समन्वय के साथ किए जा रहे जनहितैषी कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विभागीय समन्वय और सक्रिय कार्यशैली के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी योजनाओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में कलेक्टर ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि प्रत्येक उचित मूल्य दुकान स्तर पर आयुष्मान कार्ड एवं बाहर जाने वाले परिवारों का पृथक रजिस्टर तैयार किया जाए। इस रजिस्टर में राशन प्राप्त करने वाले प्रत्येक पात्र परिवार के आयुष्मान कार्ड बनने की अद्यतन स्थिति दर्ज की जाएगी। जिन हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनका चिन्हांकन कर शीघ्र कार्ड बनवाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि वे शासन की स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

इसके साथ ही रोजगार अथवा अन्य कारणों से जिले अथवा राज्य से बाहर जाने वाले परिवारों का भी पृथक विवरण इस रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि बाहर जाने वाले परिवारों की सही एवं अद्यतन जानकारी उपलब्ध रहने से शासन की योजनाओं का लाभ उन्हें निरंतर मिलता रहेगा तथा आवश्यकतानुसार उनकी मॉनिटरिंग भी प्रभावी ढंग से की जा सकेगी।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस व्यवस्था का उद्देश्य ‘वन नेशन, वन राशन कार्ड’ योजना को और अधिक प्रभावी बनाना है। बाहर जाने वाले पात्र हितग्राहियों की जानकारी उपलब्ध होने से यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि वे जिस राज्य या जिले में कार्य कर रहे हैं, वहां भी अपने पात्रता अनुसार सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से बिना किसी बाधा के राशन प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही केवल स्थान परिवर्तन के कारण खाद्यान्न से वंचित नहीं रहना चाहिए।

बैठक में जिले के सभी सहकारी संस्था प्रबंधकों एवं उचित मूल्य दुकान संचालकों को निर्देश दिए गए कि वे निर्धारित प्रारूप में आवश्यक सभी जानकारी के साथ रजिस्टर तैयार कर उसका नियमित संधारण करें। प्रत्येक प्रविष्टि अद्यतन एवं प्रमाणिक हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी समीक्षा बैठक में सभी संस्था प्रबंधक एवं संबंधित राशन विक्रेता उक्त रजिस्टर के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित होंगे तथा उसकी प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की जाएगी।

बैठक में जिला आपूर्ति अधिकारी श्री महेश बड़ोले, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के श्री संजय पाटील एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों सहित जिले की समस्त सहकारी संस्थाओं के प्रबंधक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें