बारिश से प्रभावित मुकाबले में वेस्ट दिल्ली लायंस की धमाकेदार जीत, ईस्ट दिल्ली राइडर्स को 8 विकेट से हराय
नई दिल्ली, 10 अगस्त। दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 के बारिश से प्रभावित मुकाबले में वेस्ट दिल्ली लायंस ने ईस्ट दिल्ली राइडर्स को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में बारिश के कारण लक्ष्य संशोधित कर 7 ओवर में 58 रन कर दिया गया, जिसे लायंस ने महज 4.1 ओवर में हासिल कर लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने 15 ओवर में 5 विकेट पर 95 रन बनाए। ध्रुव कौशिक पहली ही गेंद पर आउट हो गए, लेकिन अर्पित राणा और सुजल सिंह ने 53 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला। राणा ने 20 गेंदों पर 32 और सुजल ने 22 गेंदों पर 34 रन बनाए। वेस्ट दिल्ली की ओर से मयंक गुसाईं और शुभम दुबे ने दो-दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्ट दिल्ली लायंस ने अनिकेत कुमार का विकेट जल्दी गंवा दिया, लेकिन इसके बाद कृष्ण यादव और जितेश सिंह ने मोर्चा संभाल लिया। कृष्ण यादव ने महज 14 गेंदों में नाबाद 34 रन की तूफानी पारी खेलते हुए टीम को 4.1 ओवर में ही आसान जीत दिला दी।












