October 17, 2026 2:49 pm

भारतीय ग्रामीण पत्रकार संघ ट्रस्ट

भारतीय ग्रामीण
पत्रकार संघ ट्रस्ट

बांग्लादेश को भारत की रेल सौगात, कपूरथला में तैयार हुआ 19 LHB कोचों का पहला रेक

बांग्लादेश को भारत की रेल सौगात, कपूरथला में तैयार हुआ 19 LHB कोचों का पहला रेक
कपूरथला, 11 अगस्त। रेल कोच फैक्टरी (RCF), कपूरथला 12 अगस्त को बांग्लादेश रेलवे के लिए 19 एलएचबी ब्रॉडगेज यात्री कोचों वाले पहले रेक को रोल-आउट करेगी। यह उपलब्धि भारत और बांग्लादेश के बीच रेल क्षेत्र में बढ़ते सहयोग को नई मजबूती देने वाली है।
इस रेक में 3 एसी स्लीपर कार, 3 एसी चेयर कार, 11 नॉन-एसी चेयर कार और 2 पावर कार शामिल हैं। बांग्लादेश रेलवे की परिचालन परिस्थितियों और यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इन कोचों को विशेष रूप से कस्टमाइज किया गया है। इनमें मल्टीपल रीक्लाइनिंग पोजीशन वाली विशेष चेयर, स्टेनलेस स्टील आर्मरेस्ट व फुटरेस्ट, एसी कोचों में पंखे, इंटीग्रेटेड CCTV, पैसेंजर अलार्म सिस्टम, आंशिक रूप से खुलने वाली खिड़कियां, बेबी केयर रूम और प्रार्थना कक्ष जैसी सुविधाएं दी गई हैं।
यात्रियों की सुरक्षा पर खास जोर
इन कोचों में यूरोपीय मानक EN 15227 के अनुरूप क्रैशवर्दी डिजाइन प्रावधान शामिल किए गए हैं। इसके लिए कोच बॉडी शेल को व्यापक रूप से दोबारा डिजाइन किया गया है, जिससे टक्कर की स्थिति में बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इसके अलावा कोचों की विद्युत प्रणाली को 415 वोल्ट ऑपरेशन के लिए डिजाइन किया गया है, जबकि भारतीय रेलवे के कोचों में सामान्यतः 750 वोल्ट प्रणाली का इस्तेमाल होता है।
RCF और बांग्लादेश रेलवे के बीच सहयोग की शुरुआत 2015-16 में 120 LHB ब्रॉडगेज यात्री कोचों की आपूर्ति से हुई थी। इसके बाद बांग्लादेश रेलवे ने 2024 में RITES के माध्यम से RCF को सात अलग-अलग प्रकार के 200 ब्रॉडगेज यात्री कोचों के निर्माण और आपूर्ति का ऑर्डर दिया।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें