पुलिस मुख्यालय में शान से लहराया तिरंगा, 80वें स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली पुलिस ने देशभक्ति का लिया संकल्प

नई दिल्ली, 16 अगस्त: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली पुलिस मुख्यालय में आज राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा पूरे सम्मान और गरिमा के साथ फहराया गया। पुलिस मुख्यालय परिसर में आयोजित समारोह में स्पेशल सीपी/पीएंडएफडी राजेश खुराना ने तिरंगा फहराया।
इस अवसर पर पुलिस मुख्यालय के लॉन में उपस्थित दिल्ली पुलिस के अधिकारियों और जवानों को संबोधित करते हुए राजेश खुराना ने दिल्ली पुलिस आयुक्त की ओर से पुलिस परिवार के सभी सदस्यों, उनके परिजनों और समारोह में मौजूद सभी कर्मियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के स्वतंत्रता संग्राम में किए गए संघर्ष और बलिदानों की याद दिलाता है। यह दिन हमें स्वतंत्रता, न्याय, समानता और गरिमा जैसे लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के प्रति भी निरंतर जागरूक करता है।
स्पेशल सीपी ने कहा कि दिल्ली पुलिस का दायित्व नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करना, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराध की रोकथाम और उसका प्रभावी तरीके से पता लगाना है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से हर चुनौती का सामना पेशेवर दक्षता, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ करने का आह्वान किया।
राजेश खुराना ने दिल्ली पुलिस के सभी रैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं और कई बार अपने परिवार से दूर रहकर राष्ट्र एवं समाज की सेवा करते हैं।
इस अवसर पर उन्होंने ड्यूटी के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले दिल्ली पुलिस के वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस और बलिदान को नमन किया।












