October 17, 2026 1:17 pm

भारतीय ग्रामीण पत्रकार संघ ट्रस्ट

भारतीय ग्रामीण
पत्रकार संघ ट्रस्ट

उत्तर पश्चिम रेलवे पर रेलवे सुरक्षा बल द्वारा सराहनीय कार्य

*उत्तर पश्चिम रेलवे पर रेलवे सुरक्षा बल द्वारा सराहनीय कार्य,*

*जम्मूतवी – भगत की कोठी एक्सप्रेस में चोरी की वारदात का आरोपी गिरफ्तार*

 

उत्तर पश्चिम रेलवे पर रेलवे सुरक्षा बल द्वारा यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं सुरक्षित रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान संचालित कर निरंतर रेलवे स्टेशनों, प्लेटफॉर्मों, ट्रेनों एवं यात्री परिसरों में रेलवे सुरक्षा बल जवानों द्वारा नियमित गश्त एवं निगरानी की जाती है। यात्रियों, विशेषकर महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों की सुरक्षा हेतु प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

 

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार रेलवे सुरक्षा बल द्वारा जोधपुर मंडल के नागौर रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन संख्या 14804, जम्मूतवी – भगत की कोठी एक्सप्रेस में यात्री का बैग चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

 

उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबन्धक श्री पंकज शर्मा के कुशल नेतृत्व एवं प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त ज्योति कुमार सतीजा के निर्देशन में टीम का गठन कर बैग चोरी की घटना के तहत ट्रेन के अंदर तथा विभिन्न रेलवे एवं स्थानीय क्षेत्रों में लगे लगभग 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया। तथा सीसीटीवी फुटेज के अतिरिक्त मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। सीसीटीवी फुटेज एवं प्राप्त तकनीकी इनपुट के आधार पर पता चला कि संदिग्ध व्यक्ति दिनांक 02 अगस्त 2026 को ट्रेन संख्या 14804 में फिरोजपुर कैंट से ए-1 कोच की सीट संख्या 41 पर यात्रा कर रहा था। सीसीटीवी फुटेज की सटीक मैपिंग, सक्रिय मुखबिर तंत्र एवं लगातार निगरानी के आधार पर आरोपी की पहचान की गई।

 

दिनांक 18 अगस्त 2026 को सूचना प्राप्त हुई कि उक्त आरोपी पुनः उसी ट्रेन में यात्रा कर रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रात्रि लगभग 02:30 बजे लूणकरणसर एवं बीकानेर के मध्य चलती ट्रेन संख्या 14804 जम्मूतवी एक्सप्रेस में संदिग्ध अवस्था में आरोपी को पकड़ लिया। गहन पूछताछ के दौरान आरोपी ने ए-1 कोच की सीट संख्या 39 के नीचे रखा लैपटॉप बैग चोरी करना स्वीकार किया। अपराध प्रमाणित पाए जाने पर आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया।

 

इस प्रकार रेलवे सुरक्षा बल टीम द्वारा तकनीकी जांच, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के विश्लेषण, सक्रिय मुखबिर तंत्र तथा विभिन्न मंडलों के समन्वित प्रयासों के माध्यम से रेल यात्रा के दौरान हुई चोरी की वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

 

उत्तर पश्चिम रेलवे यात्रियों की सुरक्षित, सुगम एवं सुखद यात्रा के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें