शिवी शर्मा की नाबाद 71 रन की पारी से नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की लगातार दूसरी जीत
नई दिल्ली, 22 अगस्त: शिवी शर्मा की शानदार नाबाद 71 रन की पारी के दम पर नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने महिला दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज़ विमेंस को 10 रन से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स दो मैचों में दो जीत के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई।
पहले बल्लेबाजी करते हुए नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 141 रन बनाए। शिवी शर्मा ने 54 गेंदों पर नाबाद 71 रन बनाए, जिसमें नौ चौके शामिल रहे। उपासना यादव ने 42 गेंदों पर 43 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि कप्तान आयुषी सोनी ने 17 रन का योगदान दिया।
अपनी पारी को लेकर शिवी शर्मा ने कहा कि वह हर मुकाबले को अलग-अलग लेकर चलती हैं और अगले मैच पर ध्यान केंद्रित करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि पिछली जीत टीम के लिए अच्छी है, लेकिन आगे अभी कई मुकाबले बाकी हैं और उनका लक्ष्य हर मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है।
शिवी ने बताया कि लक्ष्य का पीछा करने और लक्ष्य निर्धारित करने के दौरान उनकी बल्लेबाजी का तरीका परिस्थितियों के अनुसार बदलता है। उन्होंने कहा कि विकेट अच्छे हैं और यदि गेंद को उसकी मेरिट के हिसाब से खेला जाए तो बल्लेबाज अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकता है।
क्रिकेट में अपने सफर के बारे में शिवी ने बताया कि उन्हें बचपन से ही खेलों में रुचि थी। वह क्रिकेट और फुटबॉल सहित अलग-अलग खेल खेलती थीं और गली क्रिकेट भी खूब खेलती थीं। स्कूल बदलने के बाद एक इंटर-हाउस प्रतियोगिता में लड़कियों के क्रिकेट मैच के दौरान उन्होंने कुछ छक्के लगाए, जिसके बाद खेल शिक्षकों ने उन्हें क्रिकेट अकादमी में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके बाद उन्होंने क्रिकेट को गंभीरता से अपनाया और धीरे-धीरे आगे बढ़ती गईं।
142 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज़ की शुरुआत खराब रही। पारी के पहले ही ओवर में निशिका सिंह बिना खाता खोले आउट हो गईं। इसके बाद प्रिया पुनिया और तानिष्का सिंह ने 36 रन जोड़े, लेकिन पुनिया 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।
तानिष्का सिंह ने 44 गेंदों पर 46 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, जिसमें छह चौके शामिल थे। उन्होंने कप्तान श्वेता सहरावत के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी की। श्वेता ने 23 गेंदों पर 27 रन बनाए।
नॉर्थ दिल्ली के गेंदबाजों ने अहम मौकों पर लगातार विकेट निकालकर साउथ दिल्ली पर दबाव बनाए रखा। 14वें ओवर में 72 रन के स्कोर पर तानिष्का के आउट होने के बाद श्वेता भी जल्द ही 94/4 के स्कोर पर पवेलियन लौट गईं। एकता भड़ाना के चार रन पर आउट होने के बाद साउथ दिल्ली को अंतिम दो ओवरों में 28 रन की जरूरत थी।
तानिषा सिंह ने नाबाद 24 रन और दिशा नागर ने नाबाद नौ रन बनाए, लेकिन साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज़ 20 ओवर में 5 विकेट पर 131 रन ही बना सकी और मुकाबला 10 रन से हार गई।
नॉर्थ दिल्ली की ओर से नाजमा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2/28 का प्रदर्शन किया। रेशिका बेनीवाल, अपेक्षा आनंद और प्रिया मिश्रा को एक-एक विकेट मिला।
इस जीत के साथ नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने महिला DPL 2026 में लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए अंक तालिका में अपना दबदबा कायम कर लिया है।












