October 17, 2026 9:49 am

भारतीय ग्रामीण पत्रकार संघ ट्रस्ट

भारतीय ग्रामीण
पत्रकार संघ ट्रस्ट

भीषण आग के बीच दिल्ली पुलिस ने बचाई चार लोगों की जान, पटेल नगर पुलिस की बहादुरी की सराहना

भीषण आग के बीच दिल्ली पुलिस ने बचाई चार लोगों की जान, पटेल नगर पुलिस की बहादुरी की सराहना

 

नई दिल्ली, 28 अगस्त। पटेल नगर थाना क्षेत्र के बलजीत नगर में एक मकान में लगी भीषण आग के दौरान दिल्ली पुलिस के जवानों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए तीसरी मंजिल पर फंसे चार लोगों की जान बचा ली। पुलिसकर्मियों के समय पर मौके पर पहुंचने और स्थानीय लोगों की मदद से चलाए गए राहत एवं बचाव अभियान से बड़ा हादसा टल गया।

 

जानकारी के अनुसार, 27 अगस्त को थाना पटेल नगर में हिल मार्ग, बलजीत नगर स्थित मकान नंबर टी-235 में आग लगने की पीसीआर कॉल मिली थी। सूचना मिलते ही इमरजेंसी ऑफिसर हेड कांस्टेबल दीपक को कार्रवाई के लिए भेजा गया। इसके बाद एसएचओ पटेल नगर इंस्पेक्टर नवीन कुमार, इंस्पेक्टर दीपक दहिया, एटीओ पटेल नगर समेत पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।

 

इलाका बेहद संकरी और घनी गलियों वाला होने के कारण दमकल की गाड़ी सीधे घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी। ऐसे में पुलिसकर्मियों ने स्थानीय निवासियों की मदद से तत्काल बचाव और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। आसपास की छतों और मकानों से पानी की व्यवस्था कर आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया गया।

 

इसी दौरान पता चला कि आग की चपेट में आए मकान की तीसरी मंजिल पर चार लोग फंसे हुए हैं। भारी धुएं और तेज आग के बावजूद पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए जोखिम उठाकर प्रभावित हिस्से में प्रवेश किया और चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

 

इसके बाद पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग को आसपास के मकानों तक फैलने से रोकने के प्रयास जारी रखे। पुलिस की तत्परता, साहस और सूझबूझ से न केवल चार लोगों की जान बची, बल्कि आसपास के क्षेत्र में बड़ा नुकसान होने से भी बचाया गया।

 

केंद्रीय जिले के पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह, आईपीएस ने पटेल नगर पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद पुलिस ने नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कर्तव्यनिष्ठा और साहस का परिचय दिया।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें