October 17, 2026 9:49 am

भारतीय ग्रामीण पत्रकार संघ ट्रस्ट

भारतीय ग्रामीण
पत्रकार संघ ट्रस्ट

रक्षाबंधन पर सिकल सेल वॉरियर्स के घर सपरिवार पहुंचे कलेक्टर, आत्मीयता से मनाया पर्व

झाबुआ माणक लाल जैन

 

*रक्षाबंधन पर सिकल सेल वॉरियर्स के घर सपरिवार पहुंचे कलेक्टर, आत्मीयता से मनाया पर्व*

 

*‘सिकल सेल मित्र’ के रूप में बच्चों से बंधवाई राखी, स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं*

 

झाबुआ, 28 अगस्त 2026 रक्षाबंधन के पावन पर्व पर कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने संवेदनशीलता और आत्मीयता का परिचय देते हुए सिकल सेल से प्रभावित बच्चों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। ‘सिकल सेल मित्र’ के रूप में कलेक्टर डॉ. भरसट अपने परिवार के साथ डुंगराधन्ना निवासी सिकल सेल वॉरियर हार्दिक सिंगाड़िया एवं रिशिता सिंगाड़िया के घर पहुंचे और उनके परिवार के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया।

 

कलेक्टर डॉ. भरसट के सपरिवार घर पहुंचने पर बच्चों एवं उनके परिजनों में उत्साह और प्रसन्नता दिखाई दी। इस दौरान बच्चों ने कलेक्टर को स्नेहपूर्वक राखी बांधी। कलेक्टर ने भी बच्चों को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, खुशहाल एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पर्व के आत्मीय वातावरण में कलेक्टर के परिवार ने भी बच्चों और उनके परिजनों के साथ समय बिताया तथा रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं।

 

कलेक्टर डॉ. भरसट ने बच्चों एवं उनके परिजनों से सहज संवाद करते हुए उनके स्वास्थ्य, उपचार एवं नियमित देखभाल के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि ‘सिकल सेल मित्र’ केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि बच्चों एवं उनके परिवारों से निरंतर जुड़कर उनके सुख-दुःख में सहभागी बनने की पहल है। प्रशासन सिकल सेल से प्रभावित बच्चों के स्वास्थ्य, उपचार एवं आवश्यक सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेगा।

 

इसी क्रम में आमली फलिया निवासी सिकल सेल वाहक पायल वाखला एवं विजय वाखला को भी कलेक्टर डॉ. भरसट ने रक्षाबंधन पर्व मनाने के लिए अपने निवास पर आमंत्रित किया। यहां बच्चों के साथ आत्मीय वातावरण में रक्षाबंधन मनाया गया और उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दी गईं।

 

रक्षाबंधन के अवसर पर कलेक्टर की यह पहल सिकल सेल से प्रभावित बच्चों और उनके परिवारों के साथ प्रशासन के आत्मीय जुड़ाव का संदेश बनी। ‘सिकल सेल मित्र’ के रूप में कलेक्टर ने बच्चों को यह विश्वास दिलाया कि स्वास्थ्य एवं उपचार की इस यात्रा में जिला प्रशासन उनके साथ है।

 

कलेक्टर डॉ. भरसट ने जिले के अन्य ‘सिकल सेल मित्रों’ से भी आह्वान किया कि वे अपने से जुड़े सिकल सेल वॉरियर्स एवं वाहकों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखें। केवल उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी लेने तक सीमित न रहते हुए त्योहारों एवं विशेष अवसरों पर उनके साथ समय बिताएं, उनका उत्साहवर्धन करें और आवश्यकता के समय हरसंभव सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सिकल सेल मित्र संवेदनशीलता और आत्मीयता के साथ अपनी भूमिका निभाए, जिससे सिकल सेल से प्रभावित बच्चों एवं परिवारों को यह विश्वास मिले कि वे अकेले नहीं हैं और पूरा प्रशासन उनके साथ खड़ा है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें