झाबुआ माणक लाल जैन
*कलेक्टर की अध्यक्षता में समयावधि पत्रों एवं अंतर्विभागीय समन्वय बैठक आयोजित*
*मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान में शिकायत निवारण पर जोर*
*आंगनवाड़ी केंद्रों में नाश्ता एवं भोजन वितरण में लापरवाही पर अपनाएं जीरो टॉलरेंस की नीति—कलेक्टर*
झाबुआ, 31 अगस्त 2026 कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट की अध्यक्षता में सोमवार को समयावधि पत्रों एवं अंतर्विभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान, स्वास्थ्य सेवाओं, महिला एवं बाल विकास विभाग, मुख्यमंत्री संबल योजना, जल सर्वेक्षण, भूमि आवंटन, दिव्यांगजनों के लिए विशेष प्रोजेक्ट, शिक्षा सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की समीक्षा करते हुए प्रदेश में जिले की 22वीं रैंक में और सुधार के लिए सभी संबंधित विभागों को प्रभावी ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि पिछले सप्ताह जिले में कुल 720 शिकायतों का निराकरण किया गया, जिनमें 225 शिकायतें 50 दिवस से अधिक समय से लंबित थीं। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले विकासखंड को पुरस्कृत किया जाए।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत मेघनगर विकासखंड में भ्रमण के दौरान औद्योगिक इकाइयों के किए गए निरीक्षण की भी समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि 21 अधिकारियों द्वारा कुल 55 औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया गया। इनमें 16 इकाइयों से वैध सहमति प्राप्त हुई, 7 इकाइयां बंद पाई गईं तथा 9 इकाइयों में विभिन्न समस्याएं एवं कमियां चिन्हित की गईं। कलेक्टर ने निरीक्षण में कमियां पाए जाने वाली औद्योगिक इकाइयों को नियमानुसार नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने मिशन ममता मंदिर के तहत जिले के 100 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के NQAS सर्टिफिकेशन के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रथम ट्राइमेस्टर में ANC पंजीयन 97.85 प्रतिशत होने पर शेष महिलाओं का पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए ममता दल गठित करने के निर्देश दिए गए।
समग्र आधार एवं ई-केवाईसी संबंधी समस्याओं के कारण पंजीयन से वंचित महिलाओं की सूची संबंधित सचिवों को उपलब्ध कराकर समस्याओं का उचित समाधान करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने टीबी मरीजों के लिए फूड बास्केट की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा ‘सम्पूर्ण सिकल केयर’ के तहत सिकल सेल मित्रों को मरीजों एवं उनके परिवारों से आत्मीय जुड़ाव बनाकर उनकी समस्याओं के समाधान में सक्रिय सहयोग करने के निर्देश दिए।
समयावधि पत्रों की समीक्षा के दौरान जिले के शिक्षकों की विभिन्न मांगों पर भी चर्चा की गई। शिक्षकों की परिवीक्षा अवधि पूर्ण होने संबंधी आदेश सहित अन्य लंबित मांगों के संबंध में सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग द्वारा एक माह के भीतर आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करने का आश्वासन दिया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने टीएचआर (THR), नाश्ता एवं भोजन वितरण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को निर्धारित नाश्ता एवं भोजन नियमित रूप से उपलब्ध कराया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। उन्होंने इस विषय में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री संबल योजना की समीक्षा के दौरान 900 आवेदन सत्यापन के लिए शेष तथा 261 प्रकरण अनुग्रह राशि के लिए लंबित पाए जाने पर कलेक्टर ने सभी लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जल सर्वेक्षण के उपरांत ग्रामों में ‘वाटर एसेट रजिस्टर’ अनिवार्य रूप से संधारित किया जाए। रजिस्टर में ग्राम में उपलब्ध समस्त जल संरचनाओं एवं टैंकरों की जानकारी दर्ज की जाए तथा अधिकारियों द्वारा भ्रमण एवं निरीक्षण के दौरान इसकी आवश्यक रूप से जांच की जाए।
बैठक में भूमि आवंटन, दिव्यांगजनों के लिए विशेष प्रोजेक्ट तथा ‘झाबुआ की आकांक्षा’ सहित अन्य विभागीय विषयों एवं समयावधि प्रकरणों की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर श्री सी.एस. सोलंकी, समस्त एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।












