झाबुआ माणक लाल जैन
*#सेवा_संकल्प_ अभियान*
*सेवा-संकल्प अभियान अंतर्गत रक्तदान शिविर का हुआ शुभारंभ*
*शिविर में 142 यूनिट रक्त संग्रहित*
*अभियान अवधि में 1000 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य*
झाबुआ, 17 सितम्बर 2026 सेवा-संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के मुख्य आतिथ्य एवं प्रमुख सचिव वन विभाग एवं आनंद विभाग श्री राघवेन्द्र कुमार सिंह के विशेष आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। शिविर में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों, सुरक्षा बलों, युवाओं एवं विभिन्न वर्गों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
रक्तदान शिविर में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट, पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार सहित विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने रक्तदान कर जनसेवा का संदेश दिया। इसके साथ ही एनसीसी कैडेट्स, होमगार्ड एवं पुलिस के जवानों तथा पत्रकार बंधुओं ने भी स्वैच्छिक रक्तदान कर अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित की।
शिविर के दौरान कुल 142 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। सेवा-संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में अभियान अवधि के दौरान 1000 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए विभिन्न स्थानों पर रक्तदान गतिविधियों के माध्यम से अधिक से अधिक नागरिकों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इस अवसर पर मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। आवश्यकता के समय रक्त की उपलब्धता किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने जिले के नागरिकों, विशेषकर युवाओं से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने और सेवा-संकल्प अभियान में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया।
इस दौरान जिला अध्यक्ष श्री भानु भूरिया, अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्रसिंह चौहान, अपर कलेक्टर श्री सी एस सोलंकी, डॉक्टर्स एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी, पत्रकार उपस्थित रहे।












