ड्रग्स और साइबर अपराध से बचाव को लेकर छात्रों को किया जागरूक
नई दिल्ली, 24 सितंबर। पूर्वी जिला पुलिस ने महाराजा अग्रसेन कॉलेज, न्यू अशोक नगर में छात्रों और फैकल्टी सदस्यों के लिए ड्रग अवेयरनेस एवं साइबर सेफ्टी कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में स्पेशल सीपी/एल एंड ओ जोन-1 देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने साइबर सुरक्षा और नशे के दुष्प्रभावों पर जानकारी दी।
उन्होंने छात्रों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन निवेश ठगी, फर्जी KYC, OTP फ्रॉड, फिशिंग और इम्पर्सोनेशन जैसे साइबर अपराधों से सतर्क रहने तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की सलाह दी। साथ ही नशे से दूर रहने और जिम्मेदार निर्णय लेने के लिए जागरूक किया गया। इस दौरान साइबर सुरक्षा और ड्रग्स के दुष्प्रभावों से संबंधित जागरूकता वीडियो भी दिखाए गए।
कार्यक्रम में ज्वाइंट सीपी ईस्टर्न रेंज मिलिंद महादेव डुम्बेरे, डीसीपी ईस्ट राजीव कुमार, डीसीपी नॉर्थ-ईस्ट राहुल अलवाल सहित पुलिस अधिकारी और कॉलेज के प्राचार्य संजीव कुमार तिवारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ की शपथ भी दिलाई गई। पुलिस ने छात्रों को संदेश दिया—सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और नशे को ना कहें।












