October 17, 2026 2:47 pm

भारतीय ग्रामीण पत्रकार संघ ट्रस्ट

भारतीय ग्रामीण
पत्रकार संघ ट्रस्ट

तेजस्वी दहिया की तूफानी पारी, साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने न्यू दिल्ली टाइगर्स को 6 विकेट से हराया

तेजस्वी दहिया की तूफानी पारी, साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने न्यू दिल्ली टाइगर्स को 6 विकेट से हराया

 

नई दिल्ली, 15 अगस्त: दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 के मैच नंबर 27 में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने तेजस्वी दहिया की विस्फोटक पारी के दम पर न्यू दिल्ली टाइगर्स को छह विकेट से हरा दिया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सुपरस्टार्ज ने 218 रन का लक्ष्य 19.4 ओवर में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया।

 

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज के खिलाफ न्यू दिल्ली टाइगर्स ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 217 रन बनाए। वैभव रावल ने 30 गेंदों पर 44 रन और अतुल्य पांडे ने 17 गेंदों पर 23 रन बनाकर तीसरे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी की।

 

कप्तान हिम्‍मत सिंह ने महज 19 गेंदों पर 38 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जिसमें तीन चौके और तीन छक्के शामिल रहे। इसके बाद मनीष सहरावत ने 20 गेंदों पर 42 रन ठोकते हुए पारी को गति दी। उन्होंने तीन चौके और चार छक्के लगाए। लक्ष्य ठरेजा ने 16 गेंदों पर नाबाद 30 रन बनाकर टीम का स्कोर 217 तक पहुंचाया।

 

साउथ दिल्ली की ओर से दिवांश रावल ने दो विकेट लिए, जबकि अंकित डबास ने चार ओवर में सिर्फ 25 रन देकर एक विकेट हासिल किया।

 

218 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने आक्रामक शुरुआत की। अनमोल शर्मा ने 8 गेंदों पर 18 और सनत सांगवान ने 18 गेंदों पर 28 रन बनाए। दोनों ने पावरप्ले में टीम को 56 रन तक पहुंचा दिया।

 

इसके बाद कप्तान आयुष बडोनी ने 25 गेंदों पर 35 और प्रणव पंत ने 27 गेंदों पर 32 रन बनाकर 56 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। दोनों के आउट होने के बाद टीम को अंतिम 30 गेंदों में 76 रन की जरूरत थी।

 

यहीं से तेजस्वी दहिया ने मुकाबले का रुख पूरी तरह बदल दिया। विकेटकीपर-बल्लेबाज ने सिर्फ 29 गेंदों में नाबाद 60 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें छह चौके और चार छक्के शामिल थे। उनका साथ प्रशु विजयरण ने दिया, जिन्होंने 13 गेंदों पर नाबाद 26 रन बनाए।

 

दोनों ने महज 28 गेंदों में नाबाद 76 रन की साझेदारी कर साउथ दिल्ली को दो गेंद शेष रहते 218/4 तक पहुंचा दिया और टीम को शानदार छह विकेट की जीत दिलाई। तेजस्वी दहिया की मैच जिताऊ पारी इस रोमांचक मुकाबले की सबसे बड़ी खासियत रही।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें