झाबुआ माणक लाल जैन
*स्वरोजगार दिवस पर हितग्राहियों को मिली योजनाओं की सौगात
*
*कलेक्टर ने स्वीकृति पत्र एवं डेमो चेक वितरित कर हितग्राहियों को आत्मनिर्भर बनने के लिए किया प्रोत्साहित*
*महिला स्व-सहायता समूहों सहित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के हितग्राही हुए लाभान्वित*
झाबुआ, 18 अगस्त 2026 जिला प्रशासन द्वारा मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई के साथ स्वरोजगार दिवस का आयोजन किया गया। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशन में आयोजित स्वरोजगार दिवस के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित स्वरोजगारमूलक योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र एवं डेमो चेक वितरित किए गए। कलेक्टर डॉ. भरसट ने हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ लेकर स्वयं का रोजगार स्थापित करने तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया।
स्वरोजगार दिवस के अवसर पर हितग्राहियों को विभिन्न विभागों द्वारा संचालित स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र आवेदकों के प्रकरणों का परीक्षण कर बैंकों के माध्यम से ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया पूर्ण की गई तथा स्वीकृत प्रकरणों में हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र एवं डेमो चेक प्रदान किए गए।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत मध्यप्रदेश डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत जय बजरंगबली महिला समूह को मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक राणापुर के माध्यम से 9 लाख रुपये, सरस्वती महिला समूह को 12 लाख रुपये तथा खराड़ी महिला समूह को 8 लाख रुपये के डेमो चेक प्रदान किए गए।
नगर पालिका परिषद झाबुआ द्वारा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत श्री राजु भाबोर को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के माध्यम से 15 हजार रुपये का ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। इसी प्रकार श्री राकेश मोरी एवं सुश्री लता अमलीयार को बैंक ऑफ इंडिया के माध्यम से 15-15 हजार रुपये तथा श्री अब्दुल वहाब शैख को बैंक ऑफ बड़ौदा के माध्यम से 15 हजार रुपये का ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।
मध्यप्रदेश आदिवासी वित्त एवं विकास निगम द्वारा संचालित भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत ललिता भाबर को बैंक ऑफ बड़ौदा, झाबुआ के माध्यम से 3 लाख 24 हजार रुपये का डेमो चेक प्रदान किया गया।
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कहा कि शासन द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार योजनाएं युवाओं, महिलाओं एवं जरूरतमंद नागरिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों को पात्र हितग्राहियों के प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने तथा योजनाओं का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र सुश्री पिंकी डिंडोर, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से श्रीमती कृष्णा रावत, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।












