October 17, 2026 1:19 pm

भारतीय ग्रामीण पत्रकार संघ ट्रस्ट

भारतीय ग्रामीण
पत्रकार संघ ट्रस्ट

75 लाख की दिनदहाड़े लूट का 48 घंटे में खुलासा, महिला को चाकू की नोक पर बनाया था बंधक

75 लाख की दिनदहाड़े लूट का 48 घंटे में खुलासा, महिला को चाकू की नोक पर बनाया था बंधk

अनिल कुमार गुप्ता दिल्ली

नई दिल्ली, 22 अगस्त। उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस ने अशोक विहार में हुई करीब 75 लाख रुपये की सनसनीखेज दिनदहाड़े लूट का महज 48 घंटे में खुलासा करते हुए छह आरोपियों और दो बाल अपचारियों को दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पंजाब से पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 51.52 लाख रुपये नकद और अपराध की रकम से खरीदे गए करीब 2.33 लाख रुपये कीमत के तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

 

पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त को अशोक विहार इलाके में 54 वर्षीय महिला को उसके घर में चाकू की नोक पर बंधक बनाकर बदमाशों ने लूटपाट की थी। वारदात के समय महिला का पति फैक्ट्री गया हुआ था, जबकि उनकी जुड़वां बेटियां चावड़ी बाजार स्थित दुकान के लिए निकल चुकी थीं।

 

बदमाशों ने पहले डिलीवरी बॉय बनकर घर में घुसने की कोशिश की थी। असफल रहने के बाद वे पानी मांगने के बहाने दोबारा पहुंचे। महिला के दरवाजा खोलते ही आरोपियों ने जबरन घर में प्रवेश किया और उसे काबू कर लिया। बाद में दो और साथी घर में दाखिल हुए। आरोपियों ने महिला के हाथ-पैर बांधकर उसका मुंह टेप से बंद कर दिया और चाकू के बल पर उसे बंधक बनाए रखा। इसके बाद करीब 20-25 मिनट तक घर के अलग-अलग कमरों की तलाशी लेकर नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

 

पुलिस के अनुसार, लूटी गई रकम कारोबारी कमाई के साथ बेटियों की शादी के लिए बचाकर रखी गई थी। वारदात के बाद आरोपी अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए और दिलशाद गार्डन में लूटी गई रकम का बंटवारा किया।

 

जांच में सामने आया कि वारदात अचानक नहीं हुई थी, बल्कि करीब एक महीने से पीड़ित परिवार और घर की रेकी की जा रही थी। एक बाल अपचारी, जो पीड़ित महिला के पति का पूर्व कर्मचारी बताया गया है, साजिश का कथित मास्टरमाइंड सामने आया। पुलिस के मुताबिक उसके मन में पीड़िता के पति के प्रति बदले की भावना थी।

 

वारदात से एक दिन पहले आरोपियों ने अंतिम रेकी की थी और योजना को अंतिम रूप देने के लिए कुछ आरोपी सावन पार्क स्थित एक होटल में भी रुके थे।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए अशोक विहार थाना और स्पेशल स्टाफ, उत्तर-पश्चिम जिला की संयुक्त टीमें गठित की गईं। पुलिस टीमों ने लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी निगरानी और मानव स्रोतों की मदद से आरोपियों के ठिकानों का पता लगाया। इसके बाद दिल्ली, गाजियाबाद और अमृतसर में एक साथ छापेमारी कर 48 घंटे के भीतर पूरे गिरोह को पकड़ लिया गया।

 

पकड़े गए आरोपियों की पहचान नमन शर्मा (24), दीपक उर्फ देव (24), दिनेश उर्फ बल्लू (38), अंश शर्मा (22), साहिल (31) और आर्यन उर्फ शेरा (22) के रूप में हुई है। इनके साथ दो बाल अपचारियों को भी पकड़ा गया है।

 

पुलिस ने नमन के पास से 2.40 लाख, दीपक से 22 लाख, दिनेश से 6.40 लाख, अंश से 6 लाख, साहिल से 8.50 लाख, एक बाल अपचारी से 72 हजार और आर्यन से 5.50 लाख रुपये बरामद किए। इसके अलावा आईफोन 17, आईफोन 17 प्रो और वनप्लस मोबाइल भी बरामद हुए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 2.33 लाख रुपये है।

 

पुलिस के मुताबिक, साहिल पहले भी स्पेशल सेल में दर्ज धोखाधड़ी और जालसाजी के एक मामले में शामिल रहा है, जबकि एक बाल अपचारी का नाम 2023 के भोला हत्याकांड में सामने आया था।

 

पुलिस अब लूटी गई शेष रकम और सामान की बरामदगी के साथ-साथ साजिश में शामिल अन्य लोगों तथा आरोपियों की किसी अन्य वारदात में भूमिका की जांच कर रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें