October 17, 2026 10:15 am

भारतीय ग्रामीण पत्रकार संघ ट्रस्ट

भारतीय ग्रामीण
पत्रकार संघ ट्रस्ट

पुरानी दिल्ली 6 की फाइनल पर नजर, क्वालिफायर-2 में सेंट्रल दिल्ली किंग्स से मुकाबला

पुरानी दिल्ली 6 की फाइनल पर नजर, क्वालिफायर-2 में सेंट्रल दिल्ली किंग्स से मुकाबला

 

नई दिल्ली, 27 अगस्त। दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 के फाइनल में जगह बनाने के इरादे से पुरानी दिल्ली 6 ने एलिमिनेटर मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए बुधवार को अरुण जेटली स्टेडियम में आउटर दिल्ली वॉरियर्स को सात विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ टीम ने क्वालिफायर-2 में प्रवेश कर लिया है।

 

अब पुरानी दिल्ली 6 का सामना शुक्रवार को क्वालिफायर-2 में सेंट्रल दिल्ली किंग्स से होगा। इस मुकाबले में जीत दर्ज करने वाली टीम फाइनल में पहले से जगह बना चुकी साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज से भिड़ेगी।

 

एलिमिनेटर में पुरानी दिल्ली 6 ने गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में दमदार प्रदर्शन किया। टीम ने पहले आउटर दिल्ली वॉरियर्स को 179 रन पर रोक दिया। उधव मोहन ने 2/25, देव लाकड़ा ने 2/14 और राजनीश दादर ने तीन विकेट लेकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुरानी दिल्ली 6 को शुरुआत में समर्थ सेठ के रूप में झटका लगा, लेकिन आर्यन गौर और देव लाकड़ा ने दूसरे विकेट के लिए 67 रन जोड़कर पारी को संभाल लिया। इसके बाद देव लाकड़ा ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 32 गेंदों पर 82 रन ठोक दिए। उनकी आक्रामक पारी ने टीम की जीत की राह आसान कर दी।

 

कप्तान अनुज रावत ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों पर नाबाद 52 रन बनाए और टीम को सात विकेट शेष रहते लक्ष्य तक पहुंचा दिया।

 

पुरानी दिल्ली 6 के मालिक आकाश नांगिया ने टीम के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने पूरे सत्र में शानदार जज्बा दिखाया है। उन्होंने देव लाकड़ा और अनुज रावत की पारियों की सराहना करते हुए कहा कि टीम अब फाइनल से सिर्फ एक जीत दूर है।

 

नांगिया ने कहा कि सेंट्रल दिल्ली किंग्स के खिलाफ मुकाबला चुनौतीपूर्ण होगा, लेकिन टीम संयम बनाए रखते हुए अपनी रणनीति पर भरोसा करेगी। उन्होंने प्रशंसकों के समर्थन के लिए भी आभार जताया और उम्मीद जताई कि टीम उन्हें एक और यादगार प्रदर्शन का तोहफा देगी।

 

क्वालिफायर-2 में शुक्रवार को होने वाला मुकाबला तय करेगा कि DPL 2026 के फाइनल में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज के सामने कौन सी टीम उतरेगी।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें