October 17, 2026 11:14 am

भारतीय ग्रामीण पत्रकार संघ ट्रस्ट

भारतीय ग्रामीण
पत्रकार संघ ट्रस्ट

ऑपरेशन विस्टा 1.0: वीजा अवधि से अधिक भारत में रह रहे चार बांग्लादेशी नागरिक पकड़े

ऑपरेशन विस्टा 1.0: वीजा अवधि से अधिक भारत में रह रहे चार बांग्लादेशी नागरिक पकड़े

नई दिल्ली, 28 अगस्त। दिल्ली पुलिस के केंद्रीय जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने विदेशी नागरिकों के वीजा स्टेटस की जांच के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन विस्टा 1.0 के तहत चार बांग्लादेशी नागरिकों को वीजा नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में पकड़ा है। चारों के खिलाफ निर्वासन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

 

विदेशी सेल, स्पेशल स्टाफ, केंद्रीय जिले की टीम ने इंस्पेक्टर संदीप यादव, प्रभारी स्पेशल स्टाफ के नेतृत्व और एसीपी ऑपरेशंस पदम सिंह राणा की निगरानी में विभिन्न होटलों और गेस्ट हाउस में विशेष सत्यापन अभियान चलाया।

 

अभियान के दौरान अराकाशन रोड, नबी करीम स्थित एक होटल में 41 वर्षीय जोहेरुल इस्लाम को पकड़ा गया। इसके बाद राम नगर, नबी करीम स्थित एक अन्य होटल से काजी एमडी नईमुर रहमान (25), एमडी मुहित उद्दीन (34) और माहिम (21) को पकड़ा गया।

 

पुलिस टीम ने चारों के पासपोर्ट, वीजा और अन्य यात्रा दस्तावेजों की गहन जांच की। जांच में सामने आया कि चारों बांग्लादेशी नागरिक डबल-एंट्री वीजा पर भारत आए थे, जिसके तहत प्रत्येक यात्रा के दौरान अधिकतम 15 दिनों तक भारत में रहने की अनुमति थी। हालांकि, जांच में चारों निर्धारित अवधि से अधिक समय तक भारत में रुके पाए गए।

 

पुलिस के अनुसार, जोहेरुल इस्लाम 7 जुलाई 2026 को भारत आया था। काजी एमडी नईमुर रहमान और माहिम 10 जून को, जबकि एमडी मुहित उद्दीन 22 जून 2026 को भारत पहुंचे थे।

 

वीजा नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने के बाद चारों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) के समक्ष पेश किया गया। FRRO ने प्रतिबंध आदेश जारी करते हुए चारों को दिल्ली के सेवा धाम स्थित डिटेंशन सेंटर में रखने के निर्देश दिए।

 

पुलिस के मुताबिक, चारों विदेशी नागरिकों को डिटेंशन सेंटर में रखा गया है और कानून के अनुसार उनके निर्वासन की आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें