भोपाल माणक लाल जैन
*मंत्री सुश्री भूरिया ने शासकीय बालिका गृह में मनाया रक्षाबंधन*
*बालिकाओं को उपहार एवं फल वितरित कर उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएँ,*
*आंगनवाड़ी केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण कर लाड़ली बहनों से किया सीधा संवाद,*
झाबुआ 30 अगस्त 2026 मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान अंतर्गत मध्य प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने आज शासकीय बालिका गृह, भोपाल पहुँचकर बालिकाओं के साथ आत्मीयता और हर्षोल्लास के साथ रक्षाबंधन का पावन पर्व मनाया।
*बालिकाओं के साथ आत्मीय संवाद और निरीक्षण*
कार्यक्रम के दौरान मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने बालिकाओं को फल और उपहार वितरित किए तथा उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने बालिकाओं से सीधा संवाद कर उनकी आवश्यकताओं, शिक्षा और दैनिक व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।
त्यौहार के इस अवसर पर बालिका गृह में विशेष उत्साह और प्रसन्नता का वातावरण रहा। कार्यक्रम के पश्चात मंत्री सुश्री भूरिया ने शासकीय बालिका गृह का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बालिकाओं के रहन-सहन, सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं पुनर्वास से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
*आंगनवाड़ी केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण*
अभियान के तहत मंत्री सुश्री भूरिया ने क्षेत्र के आंगनवाड़ी केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, पोषण आहार वितरण और बच्चों के विकास से जुड़ी गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने उपस्थित लाड़ली बहनों से संवाद कर योजना के लाभ और उनकी प्रतिक्रियाएँ जानीं।
इस दौरान सहायक संचालक सहित शासकीय बालिका गृह एवं विभागीय स्टाफ के सदस्य उपस्थित थे।












