October 17, 2026 9:46 am

भारतीय ग्रामीण पत्रकार संघ ट्रस्ट

भारतीय ग्रामीण
पत्रकार संघ ट्रस्ट

कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित

झाबुआ माणक लाल जैन

 

*कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित*

 

*ओवरस्पीडिंग एवं मॉडिफाइड बाइकर्स के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश, वृहद स्तर पर चलेगा अभियान*

 

*ब्लैक स्पॉट, व्यस्त चौराहों एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही के निर्देश*

 

झाबुआ, 31 अगस्त 2026 कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों एवं ब्लैक स्पॉट पर सुधारात्मक कार्यवाही, यातायात व्यवस्था, ओवरस्पीडिंग के विरुद्ध कार्रवाई तथा पीएम राहत कैशलेस योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

 

बैठक में अवगत कराया गया कि जिले में 15 अगस्त 2026 तक कुल 703 सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं, जिनमें 125 व्यक्तियों की मृत्यु तथा 892 व्यक्ति घायल हुए हैं। वर्ष 2025 में सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर 21.8 प्रतिशत थी, जबकि इस वर्ष यह 17.78 प्रतिशत दर्ज की गई है।

 

*मॉडिफाइड एवं सुपर बाइकर्स के विरुद्ध चलेगा वृहद अभियान*

बैठक में बताया गया कि मॉडिफाइड बाइक एवं सुपर बाइक से ओवरस्पीडिंग करने वालों के विरुद्ध पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के माध्यम से भी ऐसे मामलों को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर डॉ. भरसट ने पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई की सराहना की। पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार ने बताया कि ओवरस्पीडिंग एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वृहद स्तर पर अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।

 

*ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुधार के निर्देश*

कलेक्टर ने ब्लैक स्पॉट फूलमाल फाटा पर लेन मार्किंग तथा स्टॉप/गिव-वे मार्किंग किए जाने के निर्देश दिए, जिससे क्रॉसिंग पर वाहनों की गति नियंत्रित की जा सके। छापरी क्षेत्र में पेट्रोल पंप की ओर जाने के लिए ग्रामीणों द्वारा रॉन्ग साइड से वाहन चलाए जाने की समस्या पर चर्चा करते हुए सर्विस रोड विकसित किए जाने का सुझाव दिया गया।

 

कालीदेवी में बिना चेतावनी संकेत के बनाए गए स्पीड ब्रेकर के संबंध में आवश्यक चेतावनी संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार कल्याणपुरा में संकरी पुलिया के आसपास दुकानों एवं बसों के आवागमन से उत्पन्न यातायात समस्या के समाधान के लिए उचित प्रबंध करने के निर्देश दिए गए।

 

झाबुआ शहर में खुली नालियों एवं नालियों के ऊपर टूटे हुए स्लैब के कारण दुर्घटना की संभावना को देखते हुए कलेक्टर ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

 

*किशनपुरी में वेयरहाउस की एंट्री और एग्जिट होगी अलग-अलग*

किशनपुरी कृषि उपज मंडी एवं वेयरहाउस के सामने 90 डिग्री टर्न पर दुर्घटनाओं की संभावना को देखते हुए कलेक्टर ने वेयरहाउस में वाहनों के प्रवेश एवं निकास के लिए अलग-अलग व्यवस्था करने के निर्देश दिए। सज्जन रोड पर दिव्या फर्नीचर के समीप स्थल को पार्किंग स्पॉट के रूप में विकसित करने तथा आसपास की झाड़ियों की कटाई कर दृश्यता बेहतर करने के निर्देश दिए गए।

 

जिले के 6 चयनित व्यस्ततम चौराहों पर यातायात को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के लिए अतिक्रमण मुक्त दल द्वारा संयुक्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश भी दिए गए।

 

*47 प्रकरणों में 93 हजार रुपये की वसूली*

बैठक में यातायात नियमों के उल्लंघन पर की जा रही चालानी कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। अवगत कराया गया कि क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय द्वारा 47 प्रकरणों में 93 हजार रुपये की राशि वसूल की गई है। कलेक्टर ने यातायात नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।

 

*पीएम राहत कैशलेस योजना का अधिक से अधिक लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश*

पीएम राहत कैशलेस योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में 19 निजी अस्पताल एम्पैनल हैं। इस माह योजना के तहत 37 प्रकरण प्राप्त हुए हैं। इनमें पुलिस द्वारा घायलों को अस्पताल पहुंचाए जाने वाले 8 प्रकरण प्री-अप्रूव्ड रहे, जबकि 27 प्रकरण अप्रूव तथा 8 प्रकरण रिजेक्ट हुए हैं।

 

कलेक्टर डॉ. भरसट ने प्री-अप्रूव्ड प्रकरणों पर विशेष फोकस करने तथा सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को पीएम राहत कैशलेस योजना का अधिक से अधिक लाभ दिलाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए दुर्घटना के बाद घायलों को समय पर उपचार एवं योजना का लाभ सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

 

इस दौरान अपर कलेक्टर श्री सी एस सोलंकी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपालसिंह महोबिया, जिला परिवहन अधिकारी श्रीमती कृतिका मोहटा एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें