दिल्ली के पूर्वी इलाके में स्थित ग़ाज़ीपुर लैंडफिल साइट पर अचानक आग लगने से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। कूड़े के पहाड़ से उठता घना काला धुआं देखते ही देखते आसपास की रिहायशी कॉलोनियों और मुख्य सड़कों तक फैल गया। धुएं की मोटी परत के कारण इलाके में दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे आम लोगों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
आग लगने के बाद पूरे इलाके में बदबूदार धुआं फैल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ ही देर में हवा में धुआं भर गया, जिससे सांस लेना मुश्किल हो गया। सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों को बीच रास्ते लौटना पड़ा, जबकि सड़कों से गुजरने वाले कई वाहन चालकों को भी रफ्तार धीमी करनी पड़ी।
धुएं की वजह से कई लोगों ने आंखों में जलन, गले में खराश और सांस फूलने की शिकायत की है। आसपास रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है और लोग अपने घरों के दरवाजे-खिड़कियां बंद करने को मजबूर हो गए हैं। आग लगने की सूचना मिलते ही संबंधित विभागों को जानकारी दी गई और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। इलाके में फैलते धुएं को देखते हुए लोग जल्द से जल्द आग पर काबू पाने की मांग कर रहे हैं।












