October 18, 2026 12:15 am

भारतीय ग्रामीण पत्रकार संघ ट्रस्ट

भारतीय ग्रामीण
पत्रकार संघ ट्रस्ट

आजादपुर लूटकांड का 10 दिन में खुलासा, दिल्ली पुलिस ने चार बदमाश दबोचे।

आजादपुर लूटकांड का 10 दिन में खुलासा, दिल्ली पुलिस ने चार बदमाश दबोचे।
अनिल कुमार गुप्ता दिल्ली
उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने दिनदहाड़े हुई ₹4 लाख की सनसनीखेज लूट की गुत्थी सुलझाते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरी कार्रवाई DCP आकांक्षा यादव के नेतृत्व और रणनीतिक निगरानी में अंजाम दी गई, जिसे दिल्ली पुलिस के “ऑपरेशन क्लीन” की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

28 अप्रैल को आजादपुर इलाके में चाकू की नोक पर ₹4 लाख की लूट की वारदात हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए ACP योगेंद्र खोखर के पर्यवेक्षण और SHO राजेश कुमार भाखर के नेतृत्व में थाना आदर्श नगर की विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने 100 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान एक बाइक में डलवाए गए पेट्रोल के UPI पेमेंट से पुलिस को पहला बड़ा सुराग मिला। इसके बाद टेक्निकल सर्विलांस और ह्यूमन इंटेलिजेंस के तालमेल से पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई।

SI हिमांशु के नेतृत्व में HC अवनीश, HC मोहम्मद सारिक, HC लीला राम, HC संदीप और HC विपिन की टीम ने लगातार कई दिनों तक यूपी के गोंडा, बहराइच और बुलंदशहर में दबिश दी। लगातार बारिश और स्थानीय विरोध जैसी चुनौतियों के बावजूद पुलिस ने चारों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी रवि शंकर ने लूट की रकम में से ₹1.48 लाख खर्च कर एक स्विफ्ट टूर कार खरीद ली थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹88 हजार नकद, वारदात में इस्तेमाल बाइक, चाकू, चार मोबाइल फोन और स्विफ्ट टूर कार बरामद की है। इसके अलावा ₹25 हजार की रकम बैंक खाते में फ्रीज कराई गई। कुल ₹2.61 लाख की रिकवरी की गई है।

चौथे आरोपी अरमान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने खास रणनीति अपनाई। HC विपिन और HC मोहम्मद सारिक ने सह-आरोपी के जरिए जाल बिछाकर उसे गांव के बाहर से दबोच लिया।

DCP आकांक्षा यादव ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि अंतरराज्यीय अपराधियों के खिलाफ उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें