अनिल कुमार गुप्ता दिल्ली
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की आउटर जिला पुलिस ने घोषित अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 6 घोषित अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मौंडका थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के मामले में वांछित दो आरोपी भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई आउटर जिला के प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर सेल और थाना रानी बाग की पीओ टीम ने संयुक्त रूप से की। टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि लंबे समय से फरार घोषित अपराधी दिल्ली और एनसीआर के विभिन्न इलाकों में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
मनोज शर्मा (नांगलोई, दिल्ली) ,सूर्यांश (बहादुरगढ़, हरियाणा),लक्ष्य उर्फ जॉनी (बहादुरगढ़, हरियाणा),हलीम खान (मंगोलपुरी, दिल्ली),दीपक चड्ढा (शकूरपुर, दिल्ली),सुंदर खान (पश्चिम विहार, दिल्ली)
पुलिस जांच में सामने आया कि सभी आरोपियों को विभिन्न मामलों में अदालत द्वारा घोषित अपराधी घोषित किया जा चुका था। इनके खिलाफ चोरी, वाहन चोरी, हत्या, सरकारी आदेश की अवहेलना, चेक बाउंस सहित कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में सूर्यांश और लक्ष्य उर्फ जॉनी वर्ष 2026 में थाना मौंडका में दर्ज हत्या के मामले में घोषित अपराधी थे और लंबे समय से फरार चल रहे थे।
गिरफ्तार आरोपी दीपक चड्ढा पुलिस का कुख्यात अपराधी है। उसके खिलाफ 70 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें चोरी, मोटर वाहन चोरी और आबकारी अधिनियम के मामले शामिल हैं। वह उत्तर-पश्चिम जिले के नेताजी सुभाष प्लेस थाने का बैड कैरेक्टर (BC) भी घोषित है।












